Hardoi: हरदोई में फसल बीमा क्षतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम: किसानों को मिली राहत, बीमा कराने पर दिया जोर। 

May 4, 2026 - 21:45
44 Views
Hardoi: हरदोई में फसल बीमा क्षतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम: किसानों को मिली राहत, बीमा कराने पर दिया जोर। 
Crop insurance compensation distribution program in Hardoi: Farmers got relief, emphasis was laid on getting insurance.

हरदोई: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2025 एवं रबी 2025-26 में प्रतिकूल मौसम से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करने के लिए कृषक सभागार, बिलग्राम चुंगी में क्षतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के साथ किया।

मुख्य अतिथि ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी किसान अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं, ताकि प्राकृतिक आपदाओं या प्रतिकूल मौसम की स्थिति में होने वाले नुकसान की भरपाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने फसल बीमा योजना को किसानों के लिए सुरक्षा कवच बताया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए आधुनिक तकनीकों को अपनाना जरूरी है। उन्होंने किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ-साथ बागवानी, फूलों की खेती और मत्स्य पालन जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाने की सलाह दी।

जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य सरकारी योजनाओं का निरंतर लाभ मिलता रहेगा।

उप कृषि निदेशक सतीश कुमार पाण्डेय ने जानकारी दी कि खरीफ सीजन के लिए 31 जुलाई और रबी सीजन के लिए 31 दिसंबर तक फसल बीमा कराया जा सकता है। उन्होंने किसानों से सही फसल विवरण दर्ज कराने और बीमा पॉलिसी प्राप्त करने पर जोर दिया। साथ ही बताया कि फसल क्षति होने पर 72 घंटे के भीतर टोल फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज कराना आवश्यक है, ताकि समय से सर्वे कर क्षतिपूर्ति दी जा सके।

कार्यक्रम के दौरान किसान श्याम प्रताप सिंह, रामसागर, गुरूप्रसाद, अशोक कुमार त्रिपाठी और बृजपाल को फसल बीमा क्षतिपूर्ति के डमी चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर कृषि, मत्स्य और पशुपालन विभाग के अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। 

Also Read- Hardoi: पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों में जीत पर हरदोई में जश्न, भाजपा जिलाध्यक्ष बोले— ‘विकसित भारत’ के संकल्प की जीत।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow