Sambhal: फर्जी डॉक्टर का खेल खत्म! अवैध अस्पताल पर छापा, ‘जीवन रेखा’ सील—डिग्री BUMS, कर रहे थे सर्जरी और लिख रहे थे MD
सम्भल के थाना नकाशा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल के थाना नकाशा क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार के नेतृत्व में अशरफी चौराहे के पास संचालित ‘जीवन रेखा’ नाम के अवैध अस्पताल पर छापेमारी की गई, जहां कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच के दौरान पता चला कि अस्पताल डॉक्टर परवेज खान के नाम से चलाया जा रहा था, जबकि रजिस्ट्रेशन डॉक्टर करार हुसैन के नाम पर था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि डॉक्टर करार हुसैन ही परवेज खान के नाम से प्रैक्टिस कर रहे थे। उनके पास BUMS की डिग्री होने के बावजूद वे सर्जरी जैसे गंभीर ऑपरेशन कर रहे थे और ऐसे इंजेक्शन भी लगा रहे थे जिनकी उन्हें अनुमति नहीं थी। इतना ही नहीं, डॉक्टर द्वारा अपने पर्चों पर ‘MD’ लिखकर मरीजों को गुमराह किया जा रहा था, जो कि नियमों का सीधा उल्लंघन है। अस्पताल परिसर में चल रहे मेडिकल स्टोर पर भी एक नाबालिग/अनधिकृत युवक दवाइयां बेचता मिला। मौके से कई संदिग्ध दवाइयां और खाली कैप्सूल भी बरामद किए गए। इन गंभीर खामियों को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। साथ ही थाना नकाशा पुलिस को निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि दोबारा अवैध संचालन न हो सके। पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेज दी गई है। हालांकि, इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन पुलिस और स्वास्थ्य विभाग आगे की जांच में जुटे हैं। यह कार्रवाई इलाके में अवैध अस्पतालों के खिलाफ सख्त संदेश मानी जा रही है।
Also Read- नाई की दुकान से चल रहा था देश विरोधी नेटवर्क, क्यूआर कोड के जरिए रची थी साजिश, UP ATS ने 4 को दबोचा।
What's Your Reaction?









