Hardoi News: हरदोई के 150 प्राथमिक विद्यालयों को मिलेगा ‘ज्ञान का पिटारा’, CDO ने वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
एजुकेट गर्ल्स फाउंडेशन द्वारा जनपद के चयनित 150 प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) उपलब्ध कराई
हरदोई। एजुकेट गर्ल्स फाउंडेशन द्वारा जनपद के चयनित 150 प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में प्रत्येक विद्यालय के लिए एक ‘ज्ञान का पिटारा’ बॉक्स तैयार किया गया है। विकास भवन, हरदोई से सामग्री लेकर जा रहे दो वाहनों को मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र ने बताया कि प्रत्येक ‘ज्ञान का पिटारा’ में हिन्दी, अंग्रेजी और गणित विषयों की कुल 180 वर्कबुक उपलब्ध हैं। इन वर्कबुक के माध्यम से बच्चे नियमित अभ्यास करेंगे। अभ्यास आधारित गतिविधियों से बच्चों को विषयों को रुचि के साथ समझने, सीखी गई बातों को व्यवहार में प्रयोग करने तथा अपनी क्षमताओं को विकसित करने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि चयनित विद्यालयों के दो-दो अध्यापकों तथा प्रत्येक विकासखंड के नोडल एआरपी को शहर स्थित स्टेटस क्लब एवं अवस्थी लॉन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को टीएलएम और वर्कबुक का प्रभावी उपयोग करने, बच्चों की रुचि एवं प्रतिभा को पहचानने तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने के संबंध में जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर प्रभाकर सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी तथा फाउंडेशन के जिला कार्यक्रम अधिकारी मानवेन्द्र मिश्र सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
Also Read- हरदोई: अवैध संबंधों के शक में युवक का सिर-मूंछ मुंडवाई, वीडियो वायरल, पुलिस जांच जारी
What's Your Reaction?