हरदोई के अरवल में जानवर ले जाने को लेकर विवाद, घर में घुसकर दंपति से मारपीट, SP से शिकायत
हरदोई के अरवल में खेत में जानवर ले जाने के विवाद पर दबंगों ने घर में घुसकर दंपति की पिटाई कर दी। चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज, पीड़िता ने एसपी से लगाई गुहार।
Report : अभिषेक त्रिवेदी
हरदोई जिले स्थित अरवल थाना क्षेत्र में खेत में जानवर ले जाने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रंजिश के चलते दबंगों ने घर में घुसकर एक दंपति के साथ लाठी-डंडों और फावड़े से मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की माँग की है और झूठे मामले में फंसाए जाने की आशंका व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात के समय खेत में जानवर ले जाने की बात पर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी। इसी बात से नाराज होकर गाँव के ही तीन सगे भाइयों सहित चार लोग हथियारों के साथ पीड़िता किस्मतून और उनके पति खुर्शीद आलम के घर में घुस आए। आरोपियों ने पहले महिला से मारपीट की और जब उनके पति बचाने पहुँचे, तो उन पर भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीणों को इकट्ठा होता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
घायल दंपति ने थाने पहुँचकर मामले की तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता का हरपालपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज व चिकित्सीय परीक्षण कराया। अरवल पुलिस के अनुसार तीन सगे भाइयों तौहीद, तौफीक, तनवीर और उनके साथी सलाउद्दीन के खिलाफ घर में जबरन घुसने, मारपीट करने और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामला दर्ज होने के बाद पीड़िता किस्मतून ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने आशंका जताई कि आरोपी पक्ष अब उन्हें और उनके पति को किसी झूठे मामले में फंसाने की साजिश रच रहा है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जाँच और नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस पूरे मामले की जाँच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?




