हरदोई के भरावन में चोरों का तांडव: सर्राफा दुकान से लाखों के जेवर पार, शराब ठेके में भी हाथ साफ

हरदोई के अतरौली थाना क्षेत्र के भरावन कस्बे में चोरों ने एक ही रात में सर्राफा दुकान और देशी शराब ठेके को निशाना बनाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

By INA News Desk
Jul 3, 2026 - 22:07
34 Views
हरदोई के भरावन में चोरों का तांडव: सर्राफा दुकान से लाखों के जेवर पार, शराब ठेके में भी हाथ साफ
अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बनाया

Report : मुकेश सिंह सोमवंशी

हरदोई जिले के अतरौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत भरावन कस्बे में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपना निशाना बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को बड़ी चुनौती दी है। गंज बाजार में स्थित एक सर्राफा दुकान से चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने और नकदी पार कर दी, जबकि पास में ही स्थित एक देशी शराब के ठेके का ताला तोड़कर वहां से नकदी, शराब की पेटी और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए। एक साथ हुई इन दोनों बड़ी घटनाओं के बाद से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में काफी रोष है। दोनों मामलों में पीड़ितों की तरफ से पुलिस को शिकायत दर्ज करा दी गई है, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पहली वारदात भरावन गंज बाजार स्थित देशी शराब के ठेके पर हुई, जहां के संचालक देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वे रात को दुकान सही तरीके से बंद करके अपने घर गए थे। सुबह तड़के पड़ोसियों के माध्यम से उन्हें दुकान का ताला टूटने और सामान बिखरा होने की सूचना मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि चोर दुकान के अंदर रखी एक पेटी देशी शराब और गल्ले में रखे 4,590 रुपये नकद चुरा ले गए थे। इसके साथ ही चोरों ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी नुकसान पहुंचाया और उसका रिकॉर्डिंग डिवाइस यानी डीवीआर अपने साथ ले गए। दुकान से कुछ दूरी पर गल्ला खाली हालत में पड़ा हुआ मिला।

दूसरी बड़ी चोरी गंज बाजार के ही रस्तोगी ज्वेलर्स में हुई। दुकान के मालिक मिलन रस्तोगी ने बताया कि रोजाना की तरह वे दुकान बढ़ाकर घर चले गए थे। सुबह उन्हें दुकान का शटर क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिली। जब वे मौके पर पहुंचे तो काउंटर के लॉकर का ताला टूटा हुआ था। चोरों ने वहां रखे लगभग 20 ग्राम सोने के आभूषण, 3 किलोग्राम चांदी के गहने और करीब 15 हजार रुपये की नकदी साफ कर दी थी। पीड़ित व्यवसायी ने चोरी गए कुल सामान की कीमत लगभग 10 लाख रुपये होने का अनुमान लगाया है। व्यापारियों ने इस घटना के बाद रात के समय सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

मामले को लेकर थाना प्रभारी मनोज सिंह ने बताया कि दोनों ही मामलों में पीड़ितों की तरफ से तहरीर मिल गई है और पुलिस की अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं। सर्राफा दुकान के मामले में शुरुआती जांच में शटर पूरी तरह टूटा हुआ नहीं पाया गया है, बल्कि ऐसा प्रतीत होता है कि उसे नीचे से थोड़ा उठाया गया था। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान कर ली जाएगी और घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा।

Also Click : मेजा तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिले मंत्री नंदी, सौंपा 15 लाख का चेक और जमीन के पट्टे

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement