Hardoi News: बिजली संकट पर भाकियू अराजनैतिक का अल्टीमेटम, अधीक्षण अभियंता कार्यालय के घेराव की दी चेतावनी
हरदोई के पिहानी में किसान चौपाल आयोजित। भाकियू अराजनैतिक ने हरिहर सिंह यादव को ग्राम अध्यक्ष चुना और बिजली समस्या पर आंदोलन का ऐलान किया।
हरदोई जिले के विकासखंड पिहानी स्थित ग्राम बुखारपुर में भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक द्वारा एक किसान चौपाल का आयोजन किया गया। इस चौपाल में संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के उद्देश्य से संगठन का विस्तार किया गया। सर्वसम्मति से हरिहर सिंह यादव को बुखारपुर ग्राम पंचायत का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन विस्तार के साथ-साथ चौपाल में ग्रामीण अंचलों में व्याप्त बिजली और सिंचाई समस्याओं को लेकर विद्युत विभाग के खिलाफ आंदोलन का आह्वान किया गया।
किसानों की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव प्रदीप शुक्ला श्यामू और जिलाध्यक्ष राहुल मिश्रा ने बिजली विभाग की उदासीनता पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। किसान नेताओं का कहना था कि राभा पावर हाउस से जुड़े सैदापुर गांव में पिछले एक महीने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। गांव में 63 केवी का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन विभागीय अधिकारियों द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
किसान प्रतिनिधियों ने बताया कि सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन भी किसानों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरत रहा है। पूर्व में जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन पर भी अब तक कोई संतोषजनक कदम नहीं उठाया गया है। इसी उपेक्षा के विरोध में संगठन ने निर्णय लिया है कि यदि तय समय तक सैदापुर में ट्रांसफार्मर स्थापित नहीं किया गया, तो हरदोई स्थित अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग के कार्यालय का विशाल घेराव किया जाएगा।
घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी लगातार ग्रामीण इलाकों का दौरा कर किसानों को गोलबंद करने में जुटे हैं। इस अवसर पर ब्लॉक सचिव कृष्ण पाल गौतम, जिला उपाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, मोतीलाल, अलीमुद्दीन खान, आफाक खान, आकाश और मुंशी लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



