Hardoi News: हरदोई में DM राहुल पाण्डेय की मौजूदगी में धान की क्रॉप कटिंग संपन्न, उपज का किया गया आकलन
खरीफ की फसल की उत्पादकता का वास्तविक आकलन करने के उद्देश्य से तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम बावन में जिलाधिकारी
हरदोई। खरीफ की फसल की उत्पादकता का वास्तविक आकलन करने के उद्देश्य से तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम बावन में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की उपस्थिति में धान की क्रॉप कटिंग का कार्य संपन्न कराया गया। क्रॉप कटिंग के दौरान धान की उपज 60.51 कुंतल प्रति हेक्टेयर प्राप्त हुई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग का कार्य पूरी पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़े भविष्य की कृषि योजनाओं तथा फसल क्षतिपूर्ति के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए सभी क्षेत्रों में क्रॉप कटिंग के आंकड़े निर्धारित समयसीमा के भीतर संबंधित पोर्टल पर अपलोड किए जाएं।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार जनपद में रैंडम आधार पर चयनित खेतों में क्रॉप कटिंग के प्रयोग कराए जा रहे हैं। यह कार्य राजस्व, कृषि एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा संपन्न कराया जाता है। इसका उद्देश्य फसलों की औसत उपज का सटीक आकलन करना है, ताकि प्राप्त आंकड़ों के आधार पर किसानों को फसल बीमा एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा सके। इस अवसर पर तहसीलदार सदर, अपर सांख्यिकीय अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

