Hardoi News: डीएम राहुल पाण्डेय का सख्त रुख, पंप हाउस और पाइपलाइन के लंबित कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित योजनाओं एवं
Hardoi: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में जल निगम (ग्रामीण) द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की तथा निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ओवरहेड टैंकों के निर्माण की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि आगामी समीक्षा बैठक में प्रत्येक ओवरहेड टैंक के निर्माण की स्थिति नींव से लेकर स्लैब तक स्पष्ट रूप से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों में केवल कागजी प्रगति नहीं, बल्कि धरातल पर भी स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कराए जाएं।
बैठक में शेष पांच पंप हाउस के निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि दो पंप हाउस इसी माह तथा शेष तीन पंप हाउस अगले माह तक पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के शेष कार्यों की जानकारी लेते हुए कहा कि यदि कार्य में कोई बाधा आ रही है तो उसका तत्काल समाधान कराते हुए कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत एवं रोड रिस्टोरेशन का कार्य मानक के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को लक्ष्य के अनुरूप घरेलू जल कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि जिन सड़कों की स्थिति खराब है, विशेषकर मतदान केंद्रों तक जाने वाले मार्गों एवं विद्यालयों की सड़कों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर उनकी मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, जिससे आमजन, विद्यार्थियों एवं मतदाताओं को आवागमन में परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की नियमित रूप से स्थलीय जांच की जाए तथा गुणवत्ता का सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने तथा अगली समीक्षा बैठक में स्पष्ट प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित अधिशाषी अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।
What's Your Reaction?



