Hardoi: कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कांवड़ यात्रा को सकुशल
Hardoi: स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर दिशा-सूचक (साइनेज) बोर्ड लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा मार्ग पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर जहां कहीं भी सड़क पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से हों, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों एवं अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
बैठक मे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक बिन्दु पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



