Hardoi : संडीला में दुर्गावाहिनी का शौर्य संचलन, महिलाओं ने दिखाया साहस और अनुशासन
नगर के मुख्य चौराहे से शुरू होकर यह संचलन विभिन्न मुख्य रास्तों से गुजरता हुआ भुइयां देवी मंदिर और इमलिया बाग तक पहुंचा। पूरे रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर संचलन में शामिल लोगों का स्वागत किया। हाथों में पारंपरिक शस्त्र
रिपोर्ट : मुकेश सिंह सोमवंशी
हरदोई के संडीला नगर में महिलाओं और युवतियों ने अपनी ताकत, अनुशासन और देशप्रेम का परिचय दिया। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति और दुर्गावाहिनी की ओर से नगर में एक बड़े शौर्य संचलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना जगाना और महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना था।
यह संचलन क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहीं कल्पना, डॉक्टर विभा सिंह, मुद्रा और अपर्णा सिंह की देखरेख में निकाला गया। इसमें शामिल युवतियों और महिलाओं ने बेहद अनुशासित और साहसी ढंग से अपनी संगठन शक्ति का प्रदर्शन किया।
नगर के मुख्य चौराहे से शुरू होकर यह संचलन विभिन्न मुख्य रास्तों से गुजरता हुआ भुइयां देवी मंदिर और इमलिया बाग तक पहुंचा। पूरे रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने फूल बरसाकर संचलन में शामिल लोगों का स्वागत किया। हाथों में पारंपरिक शस्त्र और माथे पर तिलक लगाए महिलाएं देशप्रेम के नारे लगाती हुई आगे बढ़ रही थीं। पूरे रास्ते भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के नारों से माहौल गूंजता रहा। इस दौरान महिलाओं ने आत्मरक्षा, आपसी एकता और अपनी संस्कृति को बचाने का संदेश दिया।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाएं केवल ममता और करुणा की प्रतिमूर्ति नहीं हैं, बल्कि जरूरत आने पर वे समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए मां दुर्गा की तरह खड़ी भी हो सकती हैं। यह आयोजन बेटियों को आत्मनिर्भर, जागरूक और निडर बनने की सीख देता है।
भुइयां देवी मंदिर पहुंचकर इस आयोजन का समापन हुआ, जहां सभी ने मिलकर देश और समाज की सेवा करने का संकल्प लिया। डॉक्टर विभा सिंह ने जानकारी दी कि इस संचलन और प्रशिक्षण शिविर में अवध क्षेत्र के 25 जिलों से आईं 283 महिलाओं और युवतियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अच्छे तालमेल और सफलता के लिए सभी सहयोगियों को बधाई दी गई।
You May Click : मशहूर शायर बशीर बद्र का निधन, उर्दू अदब और ग़ज़ल की दुनिया में शोक की लहर
What's Your Reaction?




