Hardoi: रक्षाबंधन से पहले हरदोई में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 150 किलो दूषित मिठाई नष्ट
रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा
हरदोई। रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से हरदोई जनपद में लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के निर्देश पर विभागीय टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी और निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा कुमार गुंजन ने बताया कि मल्लावां स्थित अंशु डेयरी कारोबारी कप्तान के प्रतिष्ठान पर छापेमारी की गई। यहां से खोये के दो नमूने संग्रहित किए गए। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत शेड्यूल-4 के अनुपालन के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है।
इसी क्रम में हरपालपुर में सरदार नगर, शाहाबाद निवासी कारोबारी दिलीप कुमार द्वारा डाले से ले जाई जा रही करीब 150 किलोग्राम दूषित मिठाई को टीम ने जब्त कर लिया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। जब्त मिठाई को मौके पर ही तत्काल नष्ट कराया गया। इसके अलावा मिल्क केक का एक नमूना भी संग्रहित किया गया।
वहीं, अलाउद्पुर-मल्लावां रोड, संडीला स्थित सिराजुल की खोया निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां से मिश्रित दूध का एक नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। सहायक आयुक्त ने बताया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए हाईवे और टोल नाकों पर भी सघन निगरानी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
What's Your Reaction?







