Hardoi News: त्योहारों पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए हरदोई में प्रशासन अलर्ट, पांच टीमें करेंगी छापेमारी
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बताया है कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं
Hardoi: जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने बताया है कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी तथा अवैध स्प्रिट, अल्कोहल एवं शीरा के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से आबकारी विभाग द्वारा 02 नवम्बर से 11 नवम्बर, 2026 तक 10 दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आबकारी, पुलिस एवं प्रशासन की पांच संयुक्त टीमों का गठन किया गया है। टीम संख्या-1 में उप जिलाधिकारी सदर, आबकारी निरीक्षक सदर एवं समस्त स्टाफ तथा संबंधित क्षेत्राधिकारी पुलिस को शामिल किया गया है। टीम संख्या-2 में उप जिलाधिकारी शाहाबाद, आबकारी निरीक्षक शाहाबाद एवं समस्त स्टाफ तथा क्षेत्राधिकारी शाहाबाद, टीम संख्या-3 में उप जिलाधिकारी सण्डीला, आबकारी निरीक्षक सण्डीला एवं समस्त स्टाफ तथा क्षेत्राधिकारी सण्डीला, टीम संख्या-4 में उप जिलाधिकारी बिलग्राम, आबकारी निरीक्षक बिलग्राम एवं समस्त स्टाफ तथा क्षेत्राधिकारी बिलग्राम और टीम संख्या-5 में उप जिलाधिकारी सवायजपुर, आबकारी निरीक्षक सवायजपुर एवं समस्त स्टाफ तथा क्षेत्राधिकारी सवायजपुर को शामिल किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त माफियाओं एवं तस्करों की सूची तैयार कर स्थानीय पुलिस के सहयोग से गैंगस्टर एवं गुंडा एक्ट के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा ऐसे व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने अवैध रूप से मदिरा के भंडारण पर विशेष निगरानी रखने तथा चेकिंग के दौरान किसी भी प्रकार की बरामदगी होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने 42.8 प्रतिशत तीव्रता वाले टेट्रा पैक को काटकर मदिरा की बिक्री एवं ओवर रेटिंग की शिकायतों की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा। इसके अतिरिक्त कम्पोजिट एवं मॉडल शॉप से फुटकर मदिरा की दुकानों के लिए जारी मदिरा की बिक्री बार अनुज्ञापनों पर की जा रही है अथवा नहीं, इसकी भी जांच करने के निर्देश दिए। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर स्थित ऐसे ढाबों, जहां अल्कोहल के टैंकर प्रायः रुकते हैं, उनकी आकस्मिक जांच कराने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विशेष प्रवर्तन अभियान के दौरान पूरी सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्यवाही करें तथा अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर संचालित टोल फ्री नम्बर 14405 तथा व्हाट्सएप नम्बर 9454466019 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाय ताकि आम जनता बिना किसी भय के इन नम्बरो पर अवैध मदिरा के निर्माण एवं बिक्री की सूचना दी जा सके। जिन आबकारी दुकानों पर उक्त नम्बरो को अंकित नही कराया गया है तत्काल उन दुकानों पर उक्त नम्बरों का अंकन सुनिश्चित किया जाय।
उक्त सभी टीमें प्रत्येक दिवस दबिश करेंगी। प्रभावी कार्यवाही हेतु उपरोक्त गठित टीमें राज्य कर अधिकारी, जी०आर०पी०/आर०पी०एफ० अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबन्धक (परिवहन निगम) अधिकारी से भी समन्वय स्थापित करते हुए प्रवर्तन कार्य में यथावश्यक सहयोग प्राप्त करेंगे। सभी टीमें पूर्ण मनायोग से सम्बन्धित थाने के पुलिस बल का सहयोग लेते हुए विशेष प्रवर्तन कार्य करना सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?

