Hardoi Kisan Diwas: हरदोई में किसान दिवस: समस्याओं के त्वरित निस्तारण के CDO ने दिए निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वर्ण जयंती सभागार, विकास भवन में किसान दिवस का

By INA News Desk
Sep 16, 2026 - 19:42
7 Views
Hardoi Kisan Diwas: हरदोई में किसान दिवस: समस्याओं के त्वरित निस्तारण के CDO ने दिए निर्देश

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वर्ण जयंती सभागार, विकास भवन में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने विद्युत कटौती, जर्जर विद्युत तार, गांवों के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की लाइनों, जलभराव, मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों समेत विभिन्न समस्याएं उठाईं। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसान दिवस में कृषि एवं किसानों से संबंधित समस्याएं ही प्रमुखता से उठाई जाएं, ताकि उनका प्रभावी समाधान कराया जा सके।

  • विद्युत व्यवस्था सुधारने के निर्देश

किसानों ने रात में बिजली कटौती रोकने, गांवों के भीतर से गुजरने वाली 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइनों को गांव से बाहर करने, जर्जर तार बदलने और बार-बार होने वाली विद्युत कटौती पर रोक लगाने की मांग की। सीडीओ ने संबंधित अधिशासी अभियंता को एक सप्ताह के भीतर क्षेत्रवार विद्युत सप्लाई का रोस्टर तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने तथा समाचार पत्रों के माध्यम से उपभोक्ताओं को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। त्योहारों को देखते हुए विद्युत लाइनों के फाल्ट भी प्राथमिकता से ठीक कराने को कहा गया।

  • बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगेंगे चिकित्सा शिविर

किसानों ने बाढ़ एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में मच्छरों की बढ़ती समस्या और मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों की रोकथाम के लिए दवा का छिड़काव कराने तथा गांवों में चिकित्सा शिविर लगाने की मांग की। सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जलभराव एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में विशेष चिकित्सा कैंप लगाने और मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए। साथ ही गांवों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और अतिक्रमण वाले चौराहों एवं स्थानों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।

  • एक सप्ताह में निस्तारण आख्या देने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों से जुड़ी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराते हुए निस्तारण आख्या उप कृषि निदेशक, हरदोई के माध्यम से उपलब्ध कराएं। अधिकारियों को आगामी किसान दिवस में निस्तारण आख्या के साथ अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए। राजस्व विभाग के अधिकारियों को किसान यूनियन के पदाधिकारियों के साथ प्रत्येक माह एक घंटे की बैठक निर्धारित कर राजस्व संबंधी समस्याओं का समाधान कराने को कहा गया। सीडीओ ने किसानों से भी अपील की कि वे अपने घरों के आसपास गंदगी और गंदा पानी जमा न होने दें तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

किसान दिवस में उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चंद्र पाठक, जिला कृषि रक्षा अधिकारी इंद्रजीत यादव, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक केवीके, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसान यूनियन के पदाधिकारी एवं प्रगतिशील किसान भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Also Read- Muskan Murder Case: मॉडल मुस्कान के मर्डर के आरोपी इमरान का आधी रात पुलिस एनकाउंटर, पैर में गोली मारकर किया गिरफ्तार

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow