Hardoi News: मंडियों की बदहाल व्यवस्थाओं पर निदेशक सख्त, संडीला में खराब पानी की टंकी और लाइटों पर जताई नाराजगी

हरदोई और संडीला मंडी का निदेशक जितेन्द्र प्रताप सिंह ने किया निरीक्षण, हरदोई में एक करोड़ रुपये की सीसी सड़क निर्माण राशि दूसरे स्थान पर खर्च करने पर मांगा स्पष्टीकरण

By INA News Desk
Oct 29, 2026 - 18:06
6 Views
Hardoi News: मंडियों की बदहाल व्यवस्थाओं पर निदेशक सख्त, संडीला में खराब पानी की टंकी और लाइटों पर जताई नाराजगी
Advertisement
Advertisement

हरदोई। प्रदेश की मंडियों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेन्द्र प्रताप सिंह ने संडीला एवं हरदोई मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक सड़कों, अभिलेखों, क्रय केंद्रों की कार्यप्रणाली तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंडियों में मिली खामियों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार कराने और लापरवाही के मामलों में जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

  • संडीला मंडी में खराब टंकी और हाईमास्ट लाइटों पर नाराजगी

नवीन मंडी स्थल संडीला के निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी खराब मिली। कई हाईमास्ट लाइटें भी लंबे समय से खराब थीं। इस पर निदेशक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंडी की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत के लिए पूरे निर्माण कार्य का इंतजार करने के बजाय खराब हिस्सों की तत्काल पैच रिपेयरिंग कराने को कहा। क्रय केंद्र पर हैंडलिंग कार्य का ठेका उपलब्ध न होने और अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों को अभिलेख अद्यतन रखने, हैंडलिंग कार्य के लिए ठेके की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने, अवैध कब्जे हटाने, नीलामी चबूतरों की मरम्मत कराने तथा स्ट्रीट लाइट, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

  • हरदोई मंडी में एक करोड़ रुपये की धनराशि पर मांगा स्पष्टीकरण

हरदोई मंडी के निरीक्षण के दौरान नवीन मंडी स्थल पर लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत सीसी सड़क निर्माण कार्य की धनराशि सक्षम स्तर से अनुमति लिए बिना अन्य स्थानों पर खर्च किए जाने का मामला सामने आया। इस संबंध में उपनिदेशक (निर्माण) से स्पष्टीकरण मांगा गया, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। निदेशक ने प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

  • धान खरीद की तैयारियां दो दिन में पूरी करने के निर्देश

धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निदेशक ने धान क्रय केंद्रों पर हैंडलिंग कार्य के लिए ठेकेदारों के चयन की प्रक्रिया लंबित रहने पर नाराजगी जताई। उन्होंने सभी संबंधित उपनिदेशकों को लंबित प्रक्रिया की समीक्षा कर अगले दो दिनों के भीतर चयन कार्य अनिवार्य रूप से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ‘स्वच्छ मंडी–शुभ मंडी’ अभियान के तहत मंडियों की स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं में पूरे वर्ष सुधार सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

  • किसानों और व्यापारियों से किया सीधा संवाद

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने किसानों एवं व्यापारियों से बातचीत कर मंडियों में उपलब्ध सुविधाओं, कार्यप्रणाली और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने शिकायतों एवं सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण में मिली कमियों का तत्काल निराकरण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही, जेई, एई और डीडीसी को अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों का नियमित भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Also Read- Hardoi: मल्लावां- बेहंदर में 'माय भारत युवा मंडल विकास अभियान' के तहत युवाओं की बैठक, खेल व स्वच्छता के प्रति किया जागरूक।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement