हाथरस के सासनी में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
हाथरस के सासनी क्षेत्र में गदाखेड़ा गांव के पास दो बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में घायल तीन युवकों में से एक की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर।
हाथरस जिले में सासनी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गदाखेड़ा गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। इस सड़क हादसे में दोनों वाहनों पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जसराना गांव निवासी अरमान और दीपक अपनी बाइक पर सवार होकर सासनी की ओर आ रहे थे। उसी दौरान अलीगढ़ निवासी सोनू पुत्र सूरजपाल सासनी की तरफ से गांव विघैपुर की ओर जा रहा था। गदाखेड़ा गांव के समीप पहुंचते ही दोनों बाइकों में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक छिटककर सड़क पर जा गिरे और लहुलूहान हो गए।
सड़क पर अफरा-तफरी मचते ही आसपास मौजूद राहगीर और ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवा को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही सासनी कोतवाली पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?