झांसी में स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम का आयोजन, डेयरी क्षेत्र में निवेश और स्वदेशी गोवंश पर जोर
झांसी में डेयरी कॉन्क्लेव स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम का आयोजन। पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह स्वदेशी गोवंश और निवेश योजनाओं को गति देंगे।
झांसी। उत्तर प्रदेश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक व बड़े पैमाने पर निजी पूंजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से झांसी में वृहद क्षेत्रीय डेयरी सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। रानी लक्ष्मीबाई पार्क स्थित दीनदयाल उपाध्याय प्रेक्षागृह में आयोजित इस स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम में झांसी, चित्रकूट और कानपुर मंडल के प्रतिनिधि सम्मिलित हो रहे हैं। इस आयोजन का मूल लक्ष्य राज्य सरकार की दुग्धशाला विकास नीति और नंद बाबा दुग्ध मिशन को जन-जन तक पहुंचाकर स्वदेशी उन्नत गोवंश के संवर्धन को नई गति देना है।
सम्मेलन में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके साथ ही पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्य मंत्री कृष्णा पासवान, अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम, दुग्ध आयुक्त धनलक्ष्मी के सहित विभिन्न प्रशासनिक मंडलों के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, प्रगतिशील गोपालक, दुग्ध उत्पादक और उद्यमी मंच साझा करेंगे।
कार्यशाला के दौरान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत करने के साथ ही दुग्ध उत्पादन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पशुपालकों और उद्यमियों के प्रेरक अनुभवों को साझा किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और नवाचारों से जुड़े उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें निजी निवेशक अपने स्टॉल के जरिए नवीनतम तकनीकों का प्रदर्शन कर रहे हैं। विषय विशेषज्ञ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, स्थानीय नस्लों के संरक्षण और उत्पादकता बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। दूरदराज के पशुपालकों और युवाओं को जोड़ने के लिए पूरे कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है।
Also Click : Uttar Pradesh Tex 2026: यूपी टेक्स-2026 का भव्य समापन, योगी सरकार ने वस्त्र उद्योग को नई रफ्तार देने का लिया संकल्प
What's Your Reaction?







