हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति का प्रतीक, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने की सेल्फी अपलोड करने की अपील
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हर घर तिरंगा अभियान को राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताया। नागरिकों से घरों में तिरंगा फहराने और पोर्टल पर सेल्फी अपलोड करने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ 'हर घर तिरंगा अभियान' देश की एकता, सामूहिक शक्ति और राष्ट्रभक्ति की भावना का जीवंत प्रतीक बन चुका है। यह अभियान प्रत्येक नागरिक में देश के प्रति गौरव और समर्पण की भावना को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा दे रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर 'हर घर तिरंगा अभियान' का संयोजन इस राष्ट्रीय पर्व को और अधिक गरिमामय और भावनात्मक बना रहा है। 'वंदे मातरम' ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों में स्वाधीनता की चेतना जगाई थी और आज भी यह हमारी राष्ट्रीय अस्मिता का मुख्य आधार है।
उन्होंने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे तिरंगा यात्राओं, तिरंगा रैलियों और सामूहिक वंदे मातरम गायन के माध्यम से इस राष्ट्रव्यापी आयोजन में पूरी सक्रियता से भाग लें। प्रत्येक व्यक्ति अपने निवास स्थान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित करे।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि देश के प्रति हमारी साझा निष्ठा की अभिव्यक्ति है। जब हर घर तिरंगे के रंगों से सुसज्जित होगा, तब भारत की एकता और अखंडता और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने नागरिकों से आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर अपलोड कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराने और इसे जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
Also Click : हरदोई में कुकरी और पाककला का मुफ्त प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण योजना के तहत आवेदन शुरू
What's Your Reaction?



