MP News: गवासेन रेंज में NH पर अज्ञात वाहन की टक्कर से तेंदुए की मौत, बस चालक की सूचना पर मौके पर पहुँचा वन अमला।
2 डॉक्टर्स की टीम ने किया पोस्ट मॉर्टम,अत्यधिक रक्त स्त्राव बना मौत का कारण,वरिष्ठ अधिकारियों की देख रेख में किया गया भस्मीकरण....
रिपोर्ट- शशांक सोनकपुरिया, बैतूल मध्यप्रदेश
मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली इंदौर-बैतूल नेशनल हाईवे 59- ए पर दरियावगंज जोड़ के समीप बीती रात एक अज्ञात तेज़ रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक वयस्क तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा देर रात लगभग 3 से 4 बजे के बीच हुआ बताया जा रहा है।
हाईवे से गुजर रही एक बस के स्टाफ ने सड़क पर मृत तेंदुए को देख तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही विभाग की गश्ती टीम घटनास्थल पर पहुंची और तेंदुए के शव को सुरक्षित रूप से वन परिक्षेत्र कार्यालय लाया गया।
दोपहर में बैतूल और चिचोली से पहुंचे दो पशु चिकित्सकों की संयुक्त टीम डॉ. निशा परतेती और डॉ. के. तंवर ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। डॉ. तंवर के अनुसार, तेंदुए की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष के बीच थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत तेंदुआ गवासेन वन परिक्षेत्र के अंतर्गत दरियावगंज जोड़ के निकट सड़क पार कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में तेंदुए का एक अगला पैर पूरी तरह से टूट गया था और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
उल्लेखनीय है कि गवासेन रेंज में वन्य प्राणियों की सक्रियता हमेशा बनी रहती है, और यह क्षेत्र तेंदुआ सहित अन्य वन्य जीवों के आवागमन का प्रमुख मार्ग माना जाता है। पोस्टमार्टम के दौरान चिचोली एसडीओ, वन परिक्षेत्र अधिकारी एवं गवासेन रेंज का वन अमला भी मौके पर उपस्थित रहा। वन विभाग द्वारा घटना की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।
What's Your Reaction?











