Lucknow : किसानों को समय पर मिलें सुविधाएं: सूर्य प्रताप शाही
बीज वितरण की समीक्षा में उन्होंने कहा कि प्रगति संतोषजनक है। कुल 8,14,242 क्विंटल बीज का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 3,47,951 क्विंटल बीज उपलब्ध कराए
लखनऊ में कृषि भवन के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विभागीय योजनाओं की प्रगति और खाद की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने डिलॉइट के प्रतिनिधियों के साथ सीड पार्क और सीड पॉलिसी पर भी चर्चा की।
उन्होंने बताया कि रबी 2025-26 सीजन के लिए प्रदेश में उर्वरकों की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित की गई है। एमएफएमएस पोर्टल के अनुसार, अब तक 32.68 लाख मीट्रिक टन उर्वरक प्राप्त हुआ, जिसमें से 7.36 लाख मीट्रिक टन की बिक्री हो चुकी है। वर्तमान में 25.32 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का स्टॉक उपलब्ध है, जो पिछले साल की तुलना में 1.13 लाख मीट्रिक टन अधिक है। डीएपी की उपलब्धता 4.56 लाख मीट्रिक टन है, जो पिछले साल से 2.18 लाख मीट्रिक टन ज्यादा है। एनपीके 4.82 लाख मीट्रिक टन, यूरिया 11.98 लाख मीट्रिक टन, एसएसपी 2.98 लाख मीट्रिक टन और एमओपी 0.98 लाख मीट्रिक टन उपलब्ध है। उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
बीज वितरण की समीक्षा में उन्होंने कहा कि प्रगति संतोषजनक है। कुल 8,14,242 क्विंटल बीज का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 3,47,951 क्विंटल बीज उपलब्ध कराए जा चुके हैं, जो लक्ष्य का 43 प्रतिशत है। अब तक 58,336 क्विंटल बीज वितरित किए गए हैं। गेहूं के लिए 7.10 लाख क्विंटल के लक्ष्य के मुकाबले 2.68 लाख क्विंटल बीज उपलब्ध हैं। चना, मसूर, तोरिया और राई/सरसों के बीज की उपलब्धता क्रमशः 79, 88, 82 और 83 प्रतिशत रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीज, खाद, कृषि यंत्र और अन्य सुविधाएं किसानों तक समय पर पहुंचें। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि सुविधाओं में एक दिन की देरी भी कृषि उत्पादन और उत्पादकता को प्रभावित कर सकती है। प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र ने कहा कि खेती और किसान सरकार की प्राथमिकता हैं। अधिकारियों को बजट का समय पर उपयोग और तकनीकी समस्याओं का तुरंत समाधान करना होगा।
बैठक में सचिव कृषि इन्द्र विक्रम सिंह, विशेष सचिव ओ.पी. वर्मा, निदेशक कृषि पंकज त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश बीज निगम के निदेशक पीयूष शर्मा, उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण के निदेशक टी.पी. चौधरी, निदेशक सांख्यिकी सुमिता सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?











