लखनऊ के काकोरी में एलडीए की बड़ी कार्रवाई: 25 बीघा में फैली 5 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर
लखनऊ के काकोरी स्थित बेहटा गांव में एलडीए ने 25 बीघा जमीन पर बसाई जा रहीं 5 अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त किया। बिना ले-आउट स्वीकृति के हो रहा था निर्माण।
लखनऊ। राजधानी में अवैध कॉलोनियों के विस्तार और अनधिकृत निर्माण कार्यों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के कड़े दिशा-निर्देशों पर प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने काकोरी क्षेत्र में सुनियोजित कार्रवाई करते हुए लगभग 25 बीघा जमीन पर की जा रही 5 अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान निजी कालोनाइजरों द्वारा भूखंडों पर किए गए सभी प्रकार के अनधिकृत निर्माणों को बुलडोजर से ढहा दिया गया।
प्रवर्तन जोन-3 के जोनल अधिकारी मान सिंह ने बताया कि काकोरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेहटा में अवैध निर्माणकर्ताओं के विरुद्ध यह सघन कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि सरवन यादव, गोलू यादव, नंद किशोर, राजकुमार और अन्य व्यक्तियों द्वारा लगभग पच्चीस बीघा भूमि पर अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। यह पूरी गतिविधि प्राधिकरण से बिना ले-आउट स्वीकृत कराए और नियमों को ताक पर रखकर संचालित की जा रही थी। संबंधित पक्षों को पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बाद विहित प्राधिकारी न्यायालय द्वारा विधिवत ध्वस्तीकरण के आदेश पारित किए गए थे।
न्यायालय से जारी आदेशों के अनुपालन में प्राधिकरण की टीम ने पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते के सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई बाउंड्रीवॉल, पक्की सड़कें, गेट और अन्य अस्थाई व स्थाई संरचनाओं को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने आम नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे अपनी जीवन भर की पूंजी लगाने से पूर्व किसी भी भूमि या भूखंड का ले-आउट और विभागीय स्वीकृति अवश्य जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक क्षति न उठानी पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र और बिना ले-आउट के बसने वाली कॉलोनियों के विरुद्ध इस प्रकार का ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?







