Lucknow Special Lok Adalat: चेक बाउंस मामलों के निस्तारण के लिए 21 नवंबर को लखनऊ में लगेगी विशेष लोक अदालत, सुलह से निपटेंगे वाद
लखनऊ जनपद न्यायालय में 21 नवंबर 2026 को एन.आई. एक्ट की धारा 138 (चेक बाउंस) से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
लखनऊ: न्यायालयों में लंबित चेक बाउंस से जुड़े मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), नई दिल्ली तथा माननीय कार्यपालक अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (UPSLSA) के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश के सभी जनपदों के साथ-साथ राजधानी लखनऊ में भी विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जनपद न्यायालय लखनऊ परिसर में नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स (एन.आई.) एक्ट, 1881 की धारा 138 (चेक बाउंस) से संबंधित लंबित मामलों के निस्तारण हेतु विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों के बीच आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से मुकदमों का शीघ्र निपटारा करना है, जिससे वादकारियों के समय और धन दोनों की बचत हो सके। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनसामान्य और संबंधित वादकारियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति के आधार पर अपने लंबित चेक बाउंस वादों का अंतिम रूप से निस्तारण कराएं।
What's Your Reaction?

