Lucknow : पश्चिमी यूपी में पर्यटन को रफ्तार, मंत्री जयवीर सिंह ने करोड़ों रुपए से अधिक की परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास
ब्रजघाट आरती स्थल पर मां गंगा की आरती के दौरान श्रद्धा और आध्यात्म का संगम देखने को मिलता है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी इस पावन अवसर पर आरती में सम्मि
- गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़ के मंदिरों का होगा कायाकल्प, ब्रजघाट पर बनेगी मल्टीलेवल पार्किंग
- हापुड़ में 86 करोड़ से अधिक की योजनाओं का शिलान्यास, 20 करोड़ रुपए की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण
- पर्यटन मंत्री ने हापुड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान में कंबोडिया और थाईलैंड से आई बुद्ध की दो प्रतिमा का किया अनावरण
- पुराना नानकेश्वर मंदिर से दूधेश्वर मंदिर तक का पर्यटन विकास, मंत्री ने दी विभिन्न परियोजनाओं की सौगात
- पश्चिमी यूपी के धार्मिक स्थलों को विश्व स्तरीय स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध- जयवीर सिंह
- भारत बुद्ध की भूमि है, युद्ध की नहीं, उत्तर प्रदेश ने दुनिया को दिया शांति का संदेश- जयवीर सिंह
लखनऊ/गौतमबुद्धनगर/हापुड़/गाजियाबाद : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को नई गति देने के लिए गुरुवार को कई बड़ी पहलें हुईं। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और हापुड़ में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान ब्रजघाट-गढ़मुक्तेश्वर में 100 करोड़ रुपए से अधिक की पर्यटन विकास योजनाओं से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान में भगवान बुद्ध की थाईलैंड और कंबोडिया से आयी भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, 'उत्तर प्रदेश बुद्ध की भूमि है, युद्ध की नहीं। आज दुनिया के कई देश युद्ध की विभीषिका से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में भगवान बुद्ध का शांति, करुणा और मानवता का संदेश पूरी दुनिया के लिए और भी अधिक प्रासंगिक हो जाता है। उत्तर प्रदेश की पावन धरती से निकला यह संदेश विश्व को शांति और सहअस्तित्व की राह दिखाता है। उन्होंने कहा, हमारी सनातन संस्कृति 'सर्वे भवन्तु सुखिनः' के मूलमंत्र के साथ आगे बढ़ती है। भगवान बुद्ध के विचार भी उसी मार्ग को प्रशस्त करते हैं।'
नानकेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास
गौतमबुद्धनगर के जेवर विधानसभा क्षेत्र स्थित ग्राम भाईपुर ब्रह्मनान में पुराना नानकेश्वर महादेव मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण को नई गति मिली है। पर्यटन विभाग की ओर से करीब 81 लाख रुपए की लागत से मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंदिर परिसर में कराए गए इन विकास कार्यों का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 'सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण और उनके पर्यटन विकास के लिए लगातार काम कर रही है, ताकि ऐसे प्राचीन आस्था केंद्र क्षेत्रीय पर्यटन के महत्वपूर्ण केंद्र बन सकें।' इस दौरान जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
गाजियाबाद में पर्यटन विकास परियोजना को गति
गाजियाबाद में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को प्रेमनगर, मधोपुरा स्थित दूधेश्वरनाथ मंदिर में करीब 5.52 करोड़ रुपए की लागत से पर्यटन विकास परियोजना कार्यों का लोकार्पण किया। मंत्री जयवीर सिंह इसके बाद राजनगर स्थित मुरादनगर विधायक अजीत पाल त्यागी के आवास गए।
हापुड़ में बुद्ध प्रतिमा का अनावरण किया
उत्तर प्रदेश में बौद्ध पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जनपद हापुड़ स्थित अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शिक्षा संस्थान में भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा का आवरण किया गया। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रतिमा का अनावरण कर इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को समर्पित किया।
हापुड़ में 86 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रमुख आस्था स्थल ब्रजघाट-गढ़मुक्तेश्वर (जनपद हापुड़) में पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यहां करीब 86 करोड़ रुपए से अधिक लागत की कई महत्वपूर्ण पर्यटन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें टीएफसी कम मल्टीकल्चरल हब का विकास (2253.89 लाख रुपए), ब्रजघाट में मल्टीलेवल पार्किंग व भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण (4333.48 लाख रुपए), ग्राम सरावनी स्थित पौराणिक शिव मंदिर का पर्यटन विकास (51.31 लाख रुपए), ब्रजघाट-गढ़मुक्तेश्वर में समेकित पर्यटन सुविधाओं का विकास (1315.67 लाख रुपए) और प्रमुख स्थलों पर सुलभ प्रसाधन, पेयजल, आरओ, इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था (726.01 लाख) जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। पर्यटन मंत्री ने हापुड़ में कुल पांच परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं से ब्रजघाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और स्थानीय पर्यटन को गति मिलेगी।
हापुड़ में 20 करोड़ की पांच परियोजनाओं का लोकार्पण
मंत्री जयवीर सिंह ने गढ़मुक्तेश्वर-ब्रजघाट क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जनपद हापुड़ के ब्रजघाट में 508.74 लाख रुपए की लागत से फसाड लाइटिंग (अग्रभाग की आकर्षक प्रकाश व्यवस्था) का काम कराया गया है, जबकि गढ़मुक्तेश्वर स्थित गंगा मंदिर के पर्यटन विकास कार्यों पर 195.10 लाख रुपए खर्च किए गए।
इसके अलावा वीआईपी घाट पर 1135.66 लाख रुपए की लागत से पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं का सृजन, फव्वारा चौक के सौंदर्यीकरण पर 66.05 लाख रुपए तथा गढ़मुक्तेश्वर-ब्रजघाट गंगा क्षेत्र में घाटों व अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए 95.92 लाख रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
गंगा आरती में शामिल हुए पर्यटन मंत्री
ब्रजघाट आरती स्थल पर मां गंगा की आरती के दौरान श्रद्धा और आध्यात्म का संगम देखने को मिलता है। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह भी इस पावन अवसर पर आरती में सम्मिलित हुए। उन्होंने मां गंगा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उनके आगमन से घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं में खास उत्साह दिखाई दिया।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 'प्रदेश सरकार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गाजियाबाद, हापुड़ और गौतमबुद्धनगर जैसे क्षेत्रों में मंदिरों, तीर्थ स्थलों और बौद्ध केंद्रों के विकास से न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हमारी सरकार प्रदेश की समृद्ध आस्था, विरासत और सांस्कृतिक धरोहर को पर्यटन के माध्यम से नई पहचान दिलाने का काम कर रही है।
What's Your Reaction?











