Sambhal: किसानों की मांगों को लेकर सांसद बर्क को सौंपा ज्ञापन, सरकार को चेतावनी—मांगें नहीं मानीं तो 26 नवंबर से होगा बड़ा आंदोलन
संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की सम्भल जिला कमेटी
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: संयुक्त किसान मोर्चा के राष्ट्रीय आह्वान पर सोमवार को ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की सम्भल जिला कमेटी के कार्यकर्ताओं ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सम्भल सांसद जियाउर्रहमान बर्क को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने सांसद से अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर केंद्र सरकार तक उनकी मांगें पहुंचाने और समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन में सभी फसलों के लिए C2+50 प्रतिशत की दर से कानूनी गारंटी वाला एमएसपी और खरीद की गारंटी, किसानों व दिहाड़ी मजदूरों की व्यापक कर्जमाफी, आत्महत्या पीड़ित किसान परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा चारों श्रम संहिताएं रद्द कर 31 हजार रुपये मासिक न्यूनतम मजदूरी, मनरेगा में 200 दिन काम और 700 रुपये दैनिक मजदूरी की गारंटी की मांग की गई। किसानों ने बिजली निजीकरण विधेयक, बीज विधेयक और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम संशोधन विधेयक वापस लेने, जबरन भूमि अधिग्रहण रोकने तथा सम्भल-हसनपुर में गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण पर रोक लगाने की मांग भी रखी।
ज्ञापन में खाद, डीजल-पेट्रोल की कालाबाजारी रोकने, फसल व पशुधन बीमा, सिंचाई व्यवस्था, 10 हजार रुपये मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन और बाढ़-सूखा राहत की प्रभावी व्यवस्था समेत कई मांगें शामिल रहीं। किसानों ने चेतावनी दी कि मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो 26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय स्तर पर बड़े किसान आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में सोमपाल सिंह प्रधान, भगवान सिंह, महेंद्र सिंह, नवकेस सिंह चाहल, कीरत पाल सिंह, उमेश कुमार, सूरजपाल सिंह, अंकित चौधरी, उदयवीर सिंह, विशेष यादव, कृष्णपाल सिंह, जगदीश यादव, राजेश प्रधान सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
Also Read- Hathras: अनोखी कांवड़ यात्रा: कंधों पर एक ओर कलश, दूसरी ओर दादी को लेकर निकला राजीव
What's Your Reaction?







