मुजफ्फरनगर में भीषण हादसा: 120 की रफ्तार से पोल से टकराई कार, आग का गोला बनी गाड़ी; महिला समेत 6 लोगों की दर्दनाक मौत
सोमवार सुबह कार में एक महिला समेत 6 लोग जिंदा जल गए। हाईवे पर 120 की रफ्तार में ऑरा कार पहले बिजली के पोल से टकराई
मुजफ्फरनगर: सोमवार सुबह कार में एक महिला समेत 6 लोग जिंदा जल गए। हाईवे पर 120 की रफ्तार में ऑरा कार पहले बिजली के पोल से टकराई। फिर डिवाइर तोड़ते हुए दूसरे लेन में जाकर पलट गई। कार हरियाणा से मुजफ्फरनगर की तरफ आ रही थी। कार में कुल 6 लोग सवार थे। सभी हरियाणा के जींद के रहने वाले हैं। हरिद्वार जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि बिजली के पोल के 2 टुकड़े हो गए।

डिवाइडर का 10 मीटर हिस्सा चकनाचूर हो गया। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। हादसा जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर तितावी थाना क्षेत्र के जग्गाहेड़ी के पास सुबह 5 बजे हुआ। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गेट तोड़ा तो अंदर लोगों के सिर्फ कंकाल बचे थे। पुलिस ने उन्हें बैग पर भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
What's Your Reaction?

