Hardoi Road Accident: तेज रफ्तार पिकअप ने 5 वर्षीय मासूम को कुचला, इलाज के दौरान मौत; परिजनों ने हाईवे पर लगाया जाम
शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के पास गली
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के चांद बेहटा में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के पास गली में खेल रही बच्ची को तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप डाला ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, पांच वर्षीय बच्ची अपने नाना वीरेंद्र के साथ चांद बेहटा में रहती थी। रविवार को वह घर के पास गली में खेल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप डाला ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया। परिजन आनन-फानन में घायल बच्ची को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
- हादसे से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम
मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही शहर कोतवाल संजय त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से बातचीत कर उन्हें आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के भरोसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जाम समाप्त कर दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो सका।फिलहाल पुलिस फरार पिकअप चालक और वाहन की तलाश में जुटी है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
What's Your Reaction?







