Pilibhit : पीलीभीत को बड़ी सौगात देंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बंगाली और पूर्वांचल परिवारों को मिलेगा जमीन और नागरिकता का अधिकार
मुख्यमंत्री बंगाली और पूर्वांचल समाज के 4,693 परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक सौंपेंगे। इसके साथ ही बंगाली समाज के 106 लोगों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र देकर उन्हें देश के पूर्ण नागरिक का अधिकार भी प्रदान करेंगे।
Report : कुँवर निर्भय सिंह, आईएनए पीलीभीत- उत्तर प्रदेश
पीलीभीत: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पीलीभीत आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के पतरासा कुंवरपुर में होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री न सिर्फ करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का तोहफा देंगे, बल्कि पिछले पांच दशकों से संघर्ष कर रहे हजारों परिवारों के जीवन को नई दिशा भी देंगे। इस दौरे में
मुख्यमंत्री बंगाली और पूर्वांचल समाज के 4,693 परिवारों को उनकी जमीन का मालिकाना हक सौंपेंगे। इसके साथ ही बंगाली समाज के 106 लोगों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र देकर उन्हें देश के पूर्ण नागरिक का अधिकार भी प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास के लिए 515 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।
इस बड़े कार्यक्रम को लेकर पतरासा कुंवरपुर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री आम जनता को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी सौंपेंगे। प्रशासन के मुताबिक इस जनसभा में लगभग 15 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए बड़े पंडाल, मंच, पार्किंग और हेलीपैड की पुख्ता व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक के बाद सभी इंतजामों को अंतिम रूप दिया गया। स्थानीय विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खुद कार्यक्रम स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
सुरक्षा और व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बरेली के मंडलायुक्त एस आर चौधरी और डीआईजी अजय साहनी ने भी कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण किया। जनसभा स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए तीन वीआईपी ब्लॉक और आम जनता के बैठने के लिए आठ अलग-अलग गैलरियां बनाई गई हैं। पत्रकारों के लिए एक अलग मीडिया जोन तैयार किया गया है। पूरे कार्यक्रम स्थल को सुरक्षा एजेंसियों की देखरेख में मजबूत बैरिकेडिंग से सुरक्षित किया गया है ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Also Click : Delhi Police Action: आदर्श नगर के होटल में महिला को थप्पड़ मारने वाले दारोगा पर गिरी गाज, पुलिस ने किया लाइन हाजिर
What's Your Reaction?




