Pilibhit : गोमती महोत्सव में श्रीकृष्ण जन्म और बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन, नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

उन्होंने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल को पृथ्वी और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक बताया और लोगों से सजग रहने की अपील की। इसके बाद शाम को ब्रजलोक कला फाउंडेशन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया।

By INA News Desk
Jun 25, 2026 - 16:53
30 Views
Pilibhit : गोमती महोत्सव में श्रीकृष्ण जन्म और बाल लीलाओं का मनमोहक मंचन, नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अनुकृति नाट्य मंच लखनऊ द्वारा गोमती स्वच्छता को लेकर जागरूकता नाटक

Report : कुँवर निर्भय सिंह, आईएनए पीलीभीत- उत्तर प्रदेश

पीलीभीत के माधोटांडा में आदि गंगा मां गोमती नदी के पावन उद्गम स्थल पर पांच दिवसीय ग्रीष्मकालीन ज्येष्ठ गंगा दशहरा मेला महोत्सव धूमधाम से चल रहा है। महोत्सव के दूसरे दिन मथुरा-वृंदावन से आए कलाकारों ने रासलीला के माध्यम से भगवान कृष्ण के जन्म और उनकी मनमोहक बाल लीलाओं का सजीव मंचन किया। वहीं दूसरी ओर, लखनऊ के अनुकृति नाट्य मंच के कलाकारों ने गोमती नदी को साफ-सुथरा रखने और पर्यावरण बचाने का संदेश देते हुए एक शानदार नाटक प्रस्तुत किया, जिसने पंडाल में मौजूद सैकड़ों दर्शकों को खूब जागरूक किया।

कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी की स्तुति और दीप जलाकर की गई। इसके बाद निर्देशक संजीव कुमार के नेतृत्व में आए कलाकारों राजशेखर, सोनू, हरिओम, पंकज और बलिंदर ने मंच पर नाटक की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने बताया कि नदियां हमारी जीवनदायिनी हैं और हमें इनमें किसी भी तरह का कचरा या गंदगी नहीं फैलानी चाहिए।

उन्होंने दैनिक जीवन में प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल को पृथ्वी और मानव स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक बताया और लोगों से सजग रहने की अपील की। इसके बाद शाम को ब्रजलोक कला फाउंडेशन के कलाकारों ने रासलीला का मंचन किया। मंच पर जैसे ही देवकी की आठवीं संतान के रूप में भगवान कृष्ण का जन्म हुआ, पूरा पंडाल 'जय कन्हैया लाल की' के जयकारों से गूंज उठा।

कलाकारों ने माखन चोरी, गोपियों के साथ रास और मयूर नृत्य की ऐसी सुंदर प्रस्तुतियां दीं कि श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। मेला परिसर में सुरक्षा के लिए माधोटांडा पुलिस मुस्तैद रही, जबकि स्वास्थ्य विभाग के कैंप में लोगों ने इलाज और दवाइयां लीं। इस मौके पर गोमती ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रमेश कुमार, रामौतार सिंह, डालचंद कुशवाहा, श्रीराम कश्यप, गोविंद, योगेश्वर सिंह, निर्भय सिंह और लेखपाल देवेश यादव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow