Pilibhit Gomti Udgam Jan Jagran Yatra: गोरक्षनाथ मंदिर से चली जन जागरण यात्रा का माधोटांडा गोमती उद्गम स्थल पर हुआ भव्य समापन, पर्यावरण और नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ
गोरक्षनाथ मंदिर गोरखपुर से प्रारंभ हुई पर्यावरण, जल संरक्षण एवं नशा उन्मूलन जन जागरण यात्रा का पीलीभीत के माधोटांडा स्थित गोमती उद्गम स्थल पर भव्य स्वागत और समापन हुआ।
Report : कुँवर निर्भय सिंह, आईएनए- पीलीभीत
पीलीभीत: गोरखपुर स्थित गोरक्षनाथ मंदिर से प्रारंभ हुई पर्यावरण, जल संरक्षण एवं नशा उन्मूलन जन जागरण यात्रा का पीलीभीत जिले के माधोटांडा स्थित पौराणिक गोमती नदी उद्गम तीर्थ स्थल पर भव्य स्वागत और समापन किया गया। महामना मालवीय मिशन, रूल ऑफ लॉ सोसाइटी और सीमा जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा के समापन अवसर पर गोमती तट पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें पर्यावरण रक्षा और नशा मुक्ति का सामूहिक संकल्प लिया गया। साथ ही, नदी तट पर पंचवटी और हरिशंकरी प्रजाति के पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।

समापन गोष्ठी को संबोधित करते हुए रूल ऑफ लॉ सोसाइटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सोमेश वर्धन सिंह ने कहा कि मानव जीवन के अस्तित्व के लिए पर्यावरण का संतुलित रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे सामूहिक प्रयासों से विद्यालयों, चिकित्सालयों, मठों और मंदिरों के रिक्त परिसरों में अधिक से अधिक पंचवटी वृक्षों का रोपण करें, ताकि वातावरण मानवानुकूल बना रह सके। सीमा जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सत्यदेव ने नशे को समाज और युवा पीढ़ी के लिए घातक बताते हुए इसके दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

महामना मालवीय मिशन (अवध) के अध्यक्ष अधिवक्ता संजीव श्रीवास्तव ने जीवनदायिनी गोमती नदी की अविरलता और स्वच्छता बनाए रखने के लिए संयुक्त अभियान चलाने की आवश्यकता जताई, जिससे नदियों का जल सदैव स्वच्छ और पेययोग्य बना रहे। उन्होंने अवैध मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय, उत्पादन और उपभोग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सामाजिक चेतना जागृत करने की अपील की। पर्यावरणविद एवं गोमती सेवक निर्भय सिंह ने मां गोमती के पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसके प्राकृतिक प्रवाह को अक्षुण्ण रखने तथा तटीय क्षेत्र के मठ-मंदिरों को संरक्षित एवं दर्शनीय बनाने का आह्वान किया। मिशन के संयोजक प्रोफेसर एस.एन. सिंह ने भी नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चलाने की बात कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माधोटांडा के पूर्व प्रधान योगेश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन समाजसेवी कुंवर निर्भय सिंह द्वारा किया गया। अंत में टांडा गुलाब राय के प्रधान सरदार मिल्कियत सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण और नशा उन्मूलन की शपथ दिलाई।
उल्लेखनीय है कि गोरखपुर से शुरू हुई यह जन जागरण यात्रा महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर और शाहजहांपुर होते हुए पीलीभीत पहुंची। समापन समारोह में रामकश्यप, वन दरोगा निपेंद्र कुमार मिश्रा, डालचंद कुशवाहा, सुजन सिंह चौहान, हृदयेश त्रिगुणात और विवेक पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?

