प्रयागराज में बनेगा 10 मेगावाट का अत्याधुनिक डेटा सेंटर: एयरटेल एनएक्सट्रा करेगी 220 करोड़ का निवेश, UPSIDA ने जारी किया LoI
प्रयागराज की सरस्वती हाईटेक सिटी में 220 करोड़ रुपये की लागत से 10 मेगावाट का डेटा सेंटर बनेगा। यूपीसीडा ने एयरटेल एनएक्सट्रा को जारी किया लेटर ऑफ इंटेंट।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक विनिर्माण के साथ-साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था, आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी और अत्याधुनिक डेटा सेंटर हब के रूप में तेजी से स्थापित हो रहा है। राज्य सरकार की पारदर्शी निवेश नीतियों और सुदृढ़ औद्योगिक अवसंरचना का ही सुफल है कि देश-दुनिया की शीर्ष तकनीकी कंपनियां प्रदेश में पूंजी निवेश के लिए आगे आ रही हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) ने प्रयागराज स्थित सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता के अत्याधुनिक डेटा सेंटर की स्थापना के लिए भारती एयरटेल समूह की प्रतिष्ठित कंपनी मेसर्स एयरटेल एनएक्सट्रा प्राइवेट लिमिटेड को 5 नवंबर 2026 को लेटर ऑफ इंटेंट (LoI) जारी कर दिया है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कंपनी को सरस्वती हाईटेक सिटी में 4.43 एकड़ भूमि (प्लॉट संख्या-5 एवं 7) आवंटित किए जाने की प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एयरटेल एनएक्सट्रा द्वारा इस डेटा सेंटर परियोजना में लगभग 220 करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष पूंजी निवेश किया जाएगा। परियोजना के धरातल पर क्रियान्वित होने से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 300 कुशल व अकुशल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही, प्रयागराज और आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा तथा सहायक व्यावसायिक सेवाओं का एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित होगा।
एयरटेल एनएक्सट्रा पूरे भारत में हाइपरस्केल और एज डेटा सेंटर्स का व्यापक एवं सुरक्षित नेटवर्क संचालित करती है, जो प्रमुख उद्यमों और बहुराष्ट्रीय क्लाउड सेवा प्रदाताओं को डेटा स्टोरेज व तकनीकी सेवाएं मुहैया कराती है। प्रयागराज में इस प्रतिष्ठित समूह के आगमन से न केवल प्रदेश के डेटा भंडारण और क्लाउड कंप्यूटिंग नेटवर्क को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर तकनीकी स्टार्टअप्स और हार्डवेयर-सॉफ्टवेयर आधारित व्यवसायों के लिए भी नए द्वार खुलेंगे।
यूपीसीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी सोच के अनुरूप उत्तर प्रदेश को देश का प्रमुख डिजिटल व तकनीकी निवेश केंद्र बनाया जा रहा है। प्रयागराज की सरस्वती हाईटेक सिटी में 10 मेगावाट क्षमता का यह डेटा सेंटर प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को नई गति प्रदान करेगा और संगम नगरी को आईटी एवं डेटा स्टोरेज के प्रमुख हब के रूप में राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
What's Your Reaction?

