बाराबंकी में पर्यटन को बढ़ावा: 702 लाख की 10 परियोजनाएं स्वीकृत, सीएनडीएस को मिली जिम्मेदारी।
पर्यटन विभाग ने अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाले बाराबंकी जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए
- बाराबंकी जनपद के अंतर्गत आने वाली विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए 702 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत
- आस्था से जुड़े स्थलों के विकास से श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा-जयवीर सिंह
लखनऊ: पर्यटन विभाग ने अयोध्या मंडल के अंतर्गत आने वाले बाराबंकी जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास के लिए राज्य योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 702 लाख रूपये की 10 परियोजनाएं स्वीकृत की है। इन परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सीएनडीएस कार्यदायी संस्था को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया है कि पर्यटन विकास संबंधी योजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा करे। जिससे इसका लाभ समय से श्रद्धालुओं को मिल सके।
यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं सस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र- कुर्सी करौन्दी में स्थित प्रसिद्ध काली मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 90 लाख रूपये, दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अलियाबाद में सर्वेश्वर महादेव मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 55 लाख रूपये, हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ठाकुर राधाकृष्ण महाराज मंदिर हसवापुर मजरे खैरा कंनकू मंदिर का पर्यटन विकास के लिए 59 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि बाराबंकी के रामनगर विधानसभा क्षेत्र में स्थित कोटवाधाम जगजीवन दास मंदिर के लिए 150 लाख रूपये, बाराबंकी के आवासविकास कॉलोनी कोठी डीह स्थित स्वामी चेतना जी महाराज शिवा योगपीठ योग आश्रम का पर्यटन विकास के लिए 86 लाख रूपये, जैदपुर ब्लॉक् मसौली में ज्वालामुखी मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 70 लाख रूपये, हैदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जलालपुर में स्थित नैपुरा घाट गोमती नदी के घाट के ऊपर मंदिर के प्रांगढ में इंटरलॉकिंग के लिए 48 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
जयवीर सिंह ने बताया कि कुर्सी विकासखण्ड फतेहपुर के ग्राम गौरा सैलक में गंगापुर घाट सुमली नदी के किनारे बहुउद्देशीय स्थापना सुविधाओं के लिए 48 लाख रूपये, रामनगर कालभैरव मंदिर श्रीनाथ बाबा स्थित ग्राम शहादगंज मजरेलालपुर, बाराबंकी में पर्यटन विकास के लिए 48 लाख रूपये तथा हैदरगढ़ के ग्राम बेहटा स्थित बाबा टीकाराम तीर्थ स्थल पर बहुउद्देशीय स्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 48 लाख रूपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में विरासत से जुड़े आस्था स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य प्रदेश की गौरवशाली मान्यताएं तथा धरोहरों का सौंदर्यीकरण करा कर श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाएं सृजित करना है। आस्था के इन प्राचीन स्थलों पर बुनियादी सुविधाएं सुलभ होने से श्रद्धालुओं का आवागमन बढ़ेगा। साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
What's Your Reaction?









