Agriculture News: रबी सीजन में किसानों को निःशुल्क व 50% अनुदान पर मिलेगा बीज, ऑनलाइन बुकिंग अनिवार्य
उप निदेशक कृषि डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत रबी सीजन में किसानों
Hardoi: उप निदेशक कृषि डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत रबी सीजन में किसानों को निःशुल्क एवं 50 प्रतिशत अनुदान पर बीज उपलब्ध कराया जाएगा। बीज प्राप्त करने के लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग कराना अनिवार्य है। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री अभी तक नहीं बनी है, वे पहले अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के बाद बीज की बुकिंग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रबी सीजन में बोई जाने वाली तोरिया, सरसों, मटर, मसूर, चना, जौ एवं गेहूं आदि फसलों के बीज के लिए बुकिंग कराई जा सकती है। उपलब्ध लक्ष्य के अनुसार बुकिंग होने तक पोर्टल खुला रहेगा।
50 प्रतिशत अनुदान पर सामान्य बीज वितरण के लक्ष्य के संबंध में उप निदेशक कृषि डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि तोरिया का 11 क्विंटल, गेहूं का 32,000 क्विंटल, सरसों का 44 क्विंटल तथा जौ का 91 क्विंटल बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार निःशुल्क मिनीकिट वितरण के अंतर्गत तोरिया के 500 पैकेट, सरसों के 636 पैकेट, चना के 300 पैकेट, मटर के 100 पैकेट तथा मसूर के 2,476 पैकेट वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उप निदेशक कृषि ने बताया कि इस वर्ष बीज वितरण ‘पहले आओ-पहले पाओ’ के आधार पर न होकर ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने की स्थिति में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित चयन समिति के समक्ष ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से किसानों का चयन किया जाएगा। चयनित किसानों के मोबाइल फोन पर इसकी सूचना संदेश के माध्यम से भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि चयनित किसानों को नियमानुसार बीज विकास खंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से पीओएस मशीन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे समय से अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराकर बीज की बुकिंग कराएं तथा शासन की योजना का लाभ उठाएं।
Also Read- Lucknow: खरीफ सीजन में खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटी योगी सरकार
What's Your Reaction?







