Sambhal: बारिश बनी काल! मिट्टी डालते ही भरभराकर गिरी कच्ची छत, चार साल की मासूम समेत महिला की मौत, आधा दर्जन घायल

लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे मकान की छत पर मिट्टी डालकर उसे मजबूत करने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित

Jul 28, 2026 - 16:04
89 Views
Sambhal: बारिश बनी काल! मिट्टी डालते ही भरभराकर गिरी कच्ची छत, चार साल की मासूम समेत महिला की मौत, आधा दर्जन घायल
बारिश बनी काल! मिट्टी डालते ही भरभराकर गिरी कच्ची छत, चार साल की मासूम समेत महिला की मौत, आधा दर्जन घायल

उवैस दानिश, सम्भल

लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे मकान की छत पर मिट्टी डालकर उसे मजबूत करने की कोशिश एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुई। मिट्टी डालने के दौरान अचानक पूरी छत भरभराकर नीचे आ गिरी। मलबे में दबकर चार साल की मासूम बच्ची सहित एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।

घटना थाना कैलादेवी क्षेत्र के चंदनकटी मौजा गांव की है। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग बारिश से बचाव के लिए कच्ची छत पर मिट्टी डाल रहे थे। उसी समय नीचे कमरे में परिवार के अन्य सदस्य बैठे हुए थे। अचानक छत का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर पड़ा और सभी लोग मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार वर्षीय दिव्यांशी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में रामचंद्र की पत्नी सूरजमुखी को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में रामचंद्र, बेटा अंशुल, धर्मवती, अमीशा, श्याम समेत अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मासूम व महिला के शव का पंचनामा भरकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बारिश के मौसम में कच्चे मकानों की जर्जर हालत एक बार फिर चिंता का विषय बन गई है। यह हादसा बताता है कि थोड़ी सी लापरवाही या कमजोर निर्माण किस तरह पलभर में खुशियों को मातम में बदल सकता है।

Also Read- अमरोहा वायरल शादी का सच: 'एक दूल्हा-तीन दुल्हन' वीडियो निकला फर्जी, तीनों बहनों ने कबूला प्रैंक

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow