Hardoi: सड़क बनी धान का खेत- आक्रोशित ग्रामवासियों ने सड़क पर भरे दलदल में की धान की रोपाई, वर्षों से बदहाल सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन

ग्राम पंचायत सिकरोहरी के अंतर्गत ग्राम सिकरहना, विकास खंड टड़ियावां, जनपद हरदोई में वर्षों से जर्जर और जलभराव से प्रभावित

Jul 22, 2026 - 15:59
30 Views
Hardoi: सड़क बनी धान का खेत- आक्रोशित ग्रामवासियों ने सड़क पर भरे दलदल में की धान की रोपाई, वर्षों से बदहाल सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन
सड़क बनी धान का खेत- आक्रोशित ग्रामवासियों ने सड़क पर भरे दलदल में की धान की रोपाई, वर्षों से बदहाल सड़क के विरोध में अनोखा प्रदर्शन

Hardoi: ग्राम पंचायत सिकरोहरी के अंतर्गत ग्राम सिकरहना, विकास खंड टड़ियावां, जनपद हरदोई में वर्षों से जर्जर और जलभराव से प्रभावित सड़क के विरोध में आज सुबह ग्रामवासियों एवं विद्यार्थियों ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए सड़क पर भरे दलदल में धान की रोपाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।


ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव की मुख्य सड़क है, जिससे प्रतिदिन पंडित दीनदयाल राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज तथा प्राथमिक विद्यालय, सिकरहना के सैकड़ों विद्यार्थी आवागमन करते हैं। सड़क पर हमेशा जलभराव और कीचड़ रहने के कारण विद्यार्थियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और मजबूर होकर वापस घर लौट जाते हैं। छोटे-छोटे बच्चों के लिए इस रास्ते से निकलना अत्यंत कठिन हो गया है, जिसके कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
इतना ही नहीं, ग्रामवासियों, मजदूरों और राहगीरों को भी प्रतिदिन इसी समस्या से जूझना पड़ता है। सड़क पर जमा गंदा पानी और दलदल से उठने वाली भीषण दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण दूषित रहता है। जलभराव में मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे मलेरिया, डेंगू जैसी संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मुख्य मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों और ग्रामीणों को इस गंभीर समस्या से स्थाई राहत मिल सके। साथ ही ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाते हुए कहा है कि अगर 1माह में इसका निस्तारण नहीं होता है तो हम सभी ग्रामवासी हरदोई सीतापुर मुख्य मार्ग सिकरोहरी पर रोड जाम कर अपना प्रदर्शन करेंगे। इस मौके पर कई विद्यार्थी व ग्रामवासी पंकज राठौर, अरविंद गौतम, शिवराज गुप्ता, तोताराम सक्सेना, हीरालाल, रामदयाल सर्वेश, उपेंद्र बालक राम, नवनीश राठौर मेवाराम पाल राजवीर, बसंत गौतम, प्रेम कुमार, दुर्गेश पांडेय, चन्द्रपाल राठौर, रामेन्द्र राठौर, ब्रह्मानंद, राजेश आदि लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow