Sambhal: जिला सहकारी बैंक चुनाव में हंगामा, बीजेपी–सपा कार्यकर्ताओं में भिड़ंत, एसपी विधायक के बेटे को लगा चांटा।
उत्तर प्रदेश जिला सहकारी ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन के दौरान मंगलवार को गुन्नौर ब्लॉक परिसर में भारी हंगामा देखने
उवैस दानिश, सम्भल
उत्तर प्रदेश जिला सहकारी ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष पद के चुनाव के नामांकन के दौरान मंगलवार को गुन्नौर ब्लॉक परिसर में भारी हंगामा देखने को मिला। बीजेपी और सपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिसमें गुन्नौर से सपा विधायक के पुत्र अखिलेश यादव के गाल पर एक बीजेपी समर्थक द्वारा चांटा मारने की घटना सामने आई।
घटना के समय ब्लॉक परिसर में नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी और स्थिति सामान्य बताई जा रही थी। इसी दौरान सपा विधायक के पुत्र अखिलेश यादव भारी संख्या में समर्थकों के साथ परिसर पहुंचे। उन्होंने पूर्व बीजेपी विधायक अजीत यादव और उनके समर्थकों पर सपा समर्थित प्रत्याशी का नामांकन रुकवाने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने सीओ से कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और गन्ना समिति के चुनाव में भी बीजेपी पर धांधली के आरोप लगाए। आरोप-प्रत्यारोप के बीच दोनों दलों के समर्थकों में बहस तेज हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान एक बीजेपी समर्थक ने विधायक के पुत्र के गाल पर चांटा मार दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती बरतते हुए अनावश्यक लोगों को परिसर से बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रित किया। चांटा मारने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, पुलिस व्यवस्था के बावजूद सपा समर्थक ब्लॉक परिसर से बाहर निकलते समय बीजेपी कार्यकर्ताओं को धमकी और गाली देते नजर आए। तहसीलदार ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए कुल तीन लोगों ने नामांकन दाखिल किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
What's Your Reaction?









