सहारनपुर में सपा का कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन, स्नातक-शिक्षक MLC वोटर लिस्ट में फर्जीवाड़े की जांच की मांग
सहारनपुर में सपा कार्यकर्ताओं ने मेरठ स्नातक व शिक्षक निर्वाचन की मतदाता सूची में फर्जीवाड़े का आरोप लगाकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा।
सहारनपुर जिला मुख्यालय पर मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर समाजवादी पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित तौर पर अपात्र और फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़े जाने के विरोध में कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत सपा के प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम संबोधित मांग पत्र नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा और निष्पक्ष पड़ताल कराने की आवाज उठाई।
सपा नेताओं ने सौंपे गए पत्र में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन की मतदाता सूची में व्यापक स्तर पर हेरफेर किया गया है, जिसका सीधा प्रभाव आगामी चुनाव की निष्पक्षता पर पड़ सकता है। उनका दावा है कि मतदाता सूची तैयार करते समय पहचान संबंधी जाली दस्तावेजों और कूटरचित कागजों का सहारा लिया गया है। ऐसे तमाम लोगों को स्नातक मतदाता बना दिया गया है, जिनके पास जरूरी शैक्षिक योग्यता तक नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मामला उठाया कि कई सरकारी व गैर-सरकारी शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों से डिग्री प्राप्त युवाओं के नाम उनकी जानकारी और अनुमति के बिना सूची में शामिल कर दिए गए हैं। इतना ही नहीं, निर्वाचन क्षेत्र की सीमा से बाहर रहने वाले व्यक्तियों के भी झूठे दस्तावेज तैयार कर मतदाता बनाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह चुनावी नियमों का सीधा उल्लंघन है।
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि पूरी मतदाता सूची की गहन व पारदर्शी जांच कराई जाए। यदि जांच में गड़बड़ी पाई जाती है, तो फर्जी दस्तावेज तैयार करने और कराने वाले लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं।
इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद, महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, चौधरी साजिद, चौधरी सलीम अख्तर, उमा भूषण, ममता चौधरी, इंजीनियर विजेश शर्मा, किरण पाल, राणा अच्छन यादव, वसील तोमर, फैसल सलमानी, नवाब यादव, प्रवीण बंधु खेड़ी, मनोज पांचाल, महेंद्र, राकेश, रमेश पवार, राजेश शर्मा, कासिफ अल्वी, मुस्तकीम राणा, धर्मवीर यादव, इमरान मलिक और हसीन कुरैशी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?