Sambhal News: सम्भल में 8 मीटर का रास्ता रिकॉर्ड में 4 मीटर! बहजोई में शिकायत पर प्रशासन की जांच, दूध प्लांट के गंदे पानी पर सवाल

रास्ते पर अवैध कब्जे और दूध प्लांट से निकलने वाले गंदे पानी की शिकायतों को लेकर प्रशासनिक टीम ने बहजोई में मौके पर

By INA News Desk
Sep 17, 2026 - 16:53
10 Views
Sambhal News: सम्भल में 8 मीटर का रास्ता रिकॉर्ड में 4 मीटर! बहजोई में शिकायत पर प्रशासन की जांच, दूध प्लांट के गंदे पानी पर सवाल
सुधीर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट सम्भल

उवैस दानिश, सम्भल

सम्भल: रास्ते पर अवैध कब्जे और दूध प्लांट से निकलने वाले गंदे पानी की शिकायतों को लेकर प्रशासनिक टीम ने बहजोई में मौके पर पहुंचकर जांच की। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित कमेटी में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, एसडीएम चंदौसी और ईओ बहजोई शामिल रहे। टीम ने मौके का निरीक्षण करने के साथ राजस्व अभिलेखों और नक्शे की भी जांच की।

सिटी मजिस्ट्रेट के मुताबिक शिकायतकर्ता ने रास्ते की चौड़ाई 8 मीटर बताते हुए उस पर अवैध कब्जे की शिकायत की थी। मौके और राजस्व रिकॉर्ड की जांच में सामने आया कि पुराने रिकॉर्ड में रास्ता 8 मीटर था, लेकिन वर्तमान खतौनी और नक्शे में इसकी चौड़ाई 4 मीटर दर्ज है। अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2013 में नक्शा दुरुस्ती का आदेश हुआ था। अब प्रशासन रिकॉर्ड रूम से संबंधित फाइल निकलवाकर इस आदेश का सत्यापन करेगा। इसके बाद पूरी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। वहीं, दूध प्लांट से बदबू और गंदे पानी की शिकायत पर भी प्रशासन ने निरीक्षण किया। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि प्लांट संचालकों से संबंधित दस्तावेज और संचालन की जानकारी मांगी गई है। निरीक्षण के दौरान प्लांट के गंदे पानी की निकासी और ट्रीटमेंट व्यवस्था को लेकर भी सवाल किए गए। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्लांट से निकलने वाले पानी को ट्रीट करके ही बाहर भेजने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली जा रही है। निरीक्षण के समय प्लांट का मालिक मौजूद नहीं था। प्रशासन ने संबंधित कागजात उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट और वर्ष 2013 के नक्शा दुरुस्ती आदेश के सत्यापन के बाद ही रास्ते की वास्तविक स्थिति और कथित कब्जे को लेकर स्थिति साफ होगी।

Also Read- 'सपा ने P का मतलब पिछड़ा से पंडित किया', मायावती का बड़ा आरोप, अखिलेश यादव की राजनीति को बताया छलावा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow