Sambhal : खाकी का खूबसूरत रिश्ता- सम्भल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली एसपी साउथ अंशिका वर्मा 29 मार्च को लेंगे सात फेरे

बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों की पहली मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। काम के सिलसिले में शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता परिवारों तक प

By INA News Desk
Mar 8, 2026 - 11:28
57 Views
Sambhal : खाकी का खूबसूरत रिश्ता- सम्भल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली एसपी साउथ अंशिका वर्मा 29 मार्च को लेंगे सात फेरे
Sambhal : खाकी का खूबसूरत रिश्ता- सम्भल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली एसपी साउथ अंशिका वर्मा 29 मार्च को लेंगे सात फेरे

Report : उवैस दानिश, सम्भल

पुलिस महकमे में इन दिनों एक खास खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। सम्भल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और बरेली में तैनात एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने जीवनसाथी बनने का फैसला किया है। दोनों आईपीएस अधिकारियों की शादी 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में होने जा रही है, जो कि कृष्ण कुमार बिश्नोई का गृह जिला है। शादी की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग और दोनों अधिकारियों के परिचितों में खुशी का माहौल है और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार बधाइयां मिल रही हैं।बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों की पहली मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। काम के सिलसिले में शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती में बदली और फिर यह रिश्ता परिवारों तक पहुंच गया। दोनों परिवारों की सहमति के बाद अब इस रिश्ते को विवाह के बंधन में बांधने का फैसला लिया गया है। हालांकि अभी तक शादी से जुड़ी कोई औपचारिक रस्में नहीं हुई हैं। एसपी साउथ अंशिका वर्मा के मुताबिक फिलहाल किसी तरह की औपचारिक रस्म नहीं हुई है, लेकिन इसी महीने के अंत में सम्भल में कुछ पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है।

इसके बाद राजस्थान के बाड़मेर में विवाह समारोह संपन्न होगा। अंशिका वर्मा वर्ष 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 136वीं रैंक हासिल की थी। नोएडा के गलगोटिया कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में बीटेक करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी की और दूसरे प्रयास में आईपीएस बनने में सफलता प्राप्त की। वहीं कृष्ण कुमार बिश्नोई वर्ष 2018 बैच के यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने वर्ष 2017 की यूपीएससी परीक्षा में 174वीं रैंक हासिल की थी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और अपनी प्रभावी कार्यशैली के कारण वह अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में उत्कृष्ट कार्य के लिए उन्हें पुलिस विभाग के एक कार्यक्रम में सम्मानित भी किया गया था। खाकी वर्दी में कर्तव्य निभाने वाले इन दो अधिकारियों का यह रिश्ता अब विवाह के बंधन में बंधने जा रहा है, जिसकी खबर से पुलिस महकमे में उत्साह और शुभकामनाओं का माहौल बना हुआ है।

Also Click : Lucknow : योगी सरकार में स्मार्ट टीवी से आधुनिक बन रहे सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow