सम्भल के बाद चन्दौसी में बुलडोजर का बड़ा एक्शन, 137 बीघा झील-तालाब की सरकारी जमीन कब्जा मुक्त
सम्भल के चन्दौसी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 137 बीघा झील, तालाब और सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करा लिया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
Report : उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल में सरकारी जमीनों पर कार्रवाई के बाद अब चन्दौसी तहसील में भी प्रशासन का बुलडोजर अवैध कब्जों पर गरजा। नरौली और जनैटा क्षेत्र में झील, तालाब और वृक्षारोपण के लिए दर्ज सरकारी भूमि पर वर्षों से किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। बुलडोजर और जेसीबी की मदद से अवैध फसलों को नष्ट करते हुए करीब 137 बीघा (8.68 हेक्टेयर) सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त करा लिया गया।
प्रशासन के मुताबिक कुल 9 गाटा संख्या की भूमि पर किसानों द्वारा अवैध रूप से ईख और धान की खेती की जा रही थी। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और सरकारी भूमि को अपने कब्जे में ले लिया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। एसडीएम चन्दौसी आशुतोष तिवारी ने बताया कि कब्जा हटाने से पहले सभी संबंधित लोगों को मौखिक और लिखित दोनों माध्यमों से नोटिस देकर पर्याप्त समय दिया गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद प्रशासन को बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी।
एसडीएम ने कहा कि यह कब्जा काफी समय से चला आ रहा था और सरकारी झील, तालाब व वृक्षारोपण की जमीन पर खेती की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नरौली थाना पुलिस सहित पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा। प्रशासन का कहना है कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक संपत्तियों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?



