Mussoorie Yamuna Drinking Water Scheme Pipeline Burst: मसूरी में 144 करोड़ की पेयजल योजना की पाइप लाइन फटी, सड़क धंसी
मसूरी में 144 करोड़ की यमुना पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन फटने से सड़क धंस गई। हजारों लीटर पानी बह गया और जल आपूर्ति बाधित हुई। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
रिपोर्ट : सुनील सोनकर।
मसूरी में 144 करोड़ की यमुना पेयजल योजना की पाइप लाइन फटी, सड़क धंसने से पानी की भारी बर्बादी
मसूरी को भविष्य की पेयजल जरूरतों से राहत दिलाने के मकसद से तैयार की गई 144 करोड़ रुपये की यमुना पेयजल पंपिंग परियोजना की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। मसूरी-कैंपटी मार्ग पर स्थित सैंजी गांव के निकट मुख्य पाइप लाइन का जोड़ अचानक खुल जाने से पाइप फट गया। पानी का दबाव इतना तेज था कि सड़क पर तेज धार बहने लगी, जिसके कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया और हजारों लीटर शुद्ध पेयजल व्यर्थ बह गया।
सड़क पर अचानक पानी का तेज फव्वारा छूटने के दृश्य को देखकर वहां से गुजर रहे कई पर्यटकों ने इसे प्राकृतिक झरना समझ लिया और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। वहीं दूसरी ओर, स्थानीय निवासियों ने इस घटना को निर्माण कार्य की घटिया सामग्री और प्रशासनिक अनदेखी का परिणाम बताया। क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि इस महत्वाकांक्षी योजना में पहले भी कई बार पाइप लाइन टूटने की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे बार-बार सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं और आम जनता को पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है।
घटना के बाद जल निगम के सहायक अभियंता बी. निराला ने बताया कि मुख्य पाइप लाइन का जोड़ खुलने की वजह से यह रिसाव हुआ था। स्थिति की जानकारी मिलते ही तुरंत पंपिंग स्टेशन से जलापूर्ति रोक दी गई और तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि मौसम संबंधी बाधाएं नहीं आईं तो जलापूर्ति को जल्द ही सुचारु कर दिया जाएगा।
इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पूरी परियोजना के निर्माण कार्य की जांच कराने की मांग उठाई है। नागरिकों का कहना है कि बार-बार हो रहे रिसाव और पाइप फटने की घटनाओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और निर्माण से जुड़ी एजेंसी व जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
Also Click : Hardoi: मारपीट और तमंचे से जान से मारने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद
What's Your Reaction?



