सम्भल: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सम्भल बंद, केमिस्टों की बाइक रैली से गूंजा शहर। 

सम्भल में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सीनियर केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी

May 20, 2026 - 15:18
15 Views
सम्भल: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सम्भल बंद, केमिस्टों की बाइक रैली से गूंजा शहर। 
ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सम्भल बंद, केमिस्टों की बाइक रैली से गूंजा शहर। 

उवैस दानिश, सम्भल 

सम्भल में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में सीनियर केमिस्ट ड्रगिस्ट एसोसिएशन द्वारा बुधवार को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद के तहत जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिला संयुक्त चिकित्सालय से शुरू हुई केमिस्टों की बाइक रैली ने पूरे शहर में ऑनलाइन फार्मेसी के खिलाफ माहौल गरमा दिया। काली पट्टी बांधे दवा व्यापारियों ने सरकार से अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग उठाई।

एसोसिएशन के जिला महामंत्री नवनीत कुमार शर्मा उर्फ संदीप शर्मा के नेतृत्व में दर्जनों बाइकों पर दवा व्यापारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से होकर रैली निकाली। रैली शंकर कॉलेज चौराहा, चौधरी चरण सिंह मूर्ति, चौधरी सराय, हयातनगर, सरायतरीन, घंटाघर, नक्शा चौराहा समेत विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए नई तहसील पहुंची, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के नाम पर फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना चिकित्सकीय सलाह दवा वितरण और भारी छूट के जरिए मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 में ऑनलाइन दवा बिक्री का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के बावजूद कई कंपनियां वर्षों से धड़ल्ले से कारोबार कर रही हैं। मीडिया से बातचीत में नवनीत कुमार शर्मा ने कहा कि कोरोना काल में लागू जीएसआर 220(E) का अब दुरुपयोग हो रहा है।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए नकली और नशीली दवाओं का कारोबार बढ़ रहा है, जबकि इसकी जांच व्यवस्था भी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो भविष्य में अनिश्चितकालीन बाजार बंद करने जैसा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सम्भल, सरायतरीन और हयातनगर समेत पूरे क्षेत्र में मेडिकल स्टोर बंद रहे और दवा व्यापारियों ने आंदोलन को पूरा समर्थन दिया। ज्ञापन के बाद अधिकतम मेडिकल खुल गए। इस दौरान चेयरमैन प्रदीप रस्तोगी, महावीर मोगिया, प्रवीण वार्ष्णेय, राजेश अग्रवाल, मोहम्मद शम्सी, मुज़म्मिल चौधरी, गौरव टंडन, सुमित राजा, मोहम्मद यासिर समेत बड़ी संख्या में दवा व्यापारी मौजूद रहे।

Also Read- Hathras : भीषण गर्मी में राहगीरों और मजदूरों को मिली राहत- सामाजिक संस्था ने बांटा मैंगो शेक, सेवा को बताया संस्कृति का हिस्सा

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow