Sambhal News: सम्भल में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, SP विकास चंद्र त्रिपाठी ने PAC और RAF के साथ निकाला फ्लैग मार्च
सर्राफा बाजार से लेकर प्रमुख बाजारों तक पुलिस की पैनी नजर, संदिग्धों की चेकिंग तेज; सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों को SP की सख्त चेतावनी
उवैस दानिश, सम्भल
सम्भल: धनतेरस और दीपावली के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए सम्भल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बुधवार को एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने सम्भल शहर में भारी पुलिस बल, पीएसी और आरआरएफ के साथ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान एसपी नॉर्थ, सीओ सम्भल, इंस्पेक्टर सम्भल समेत पुलिस की पूरी टीम मौजूद रही।
फ्लैग मार्च के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और विशेष रूप से सर्राफा बाजार में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़ को देखते हुए पुलिस लगातार गश्त कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग भी की जा रही है। एसपी ने बताया कि सम्भल और चन्दौसी में त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में महिला और पुरुष खरीदारी के लिए बाजार पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सर्राफा, इलेक्ट्रॉनिक्स और कपड़ा बाजारों में जाम से बचने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। कई स्थानों पर डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है। वहीं सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वालों को भी एसपी ने सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि गुन्नौर में झारखंड की घटना को सम्भल का बताकर पोस्ट करने वाले एक व्यक्ति और बहजोई में द्वेषपूर्ण पोस्ट करने वाले व्यक्ति को चिन्हित किया गया है। दोनों मामलों में कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने साफ कहा कि त्योहारों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और नफरत फैलाने वाली पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। सम्भल पुलिस का साफ संदेश है कि त्योहार मनाइए, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?

