सम्भल में दहेज के लिए बारात लाने से इनकार का आरोप! दुल्हन करती रही इंतजार, 25 लाख खर्च कर इंतजाम करने वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सम्भल में दहेज में चार पहिया गाड़ी न मिलने पर बारात न लाने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। पीड़ित परिवार ने लाखों खर्च किए थे, अब कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

By INA News Desk
Oct 11, 2026 - 21:53
5 Views
सम्भल में दहेज के लिए बारात लाने से इनकार का आरोप! दुल्हन करती रही इंतजार, 25 लाख खर्च कर इंतजाम करने वाले परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

​Report : उवैस दानिश, सम्भल

शादी की खुशियां मातम जैसे माहौल में बदल गईं, जब ढाई साल पुराने रिश्ते के बाद भी दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। लड़की पक्ष का आरोप है कि निकाह के दिन दूल्हा और उसके घरवाले चार पहिया गाड़ी की मांग करने लगे और इसी वजह से बारात नहीं आई। परिवार ने शादी के लिए करीब 25 लाख रुपये खर्च किए थे। खाने से लेकर मेहमानों के स्वागत तक की पूरी तैयारी थी, लेकिन दुल्हन बारात का इंतजार ही करती रह गई।

लड़की के भाई फहीम के मुताबिक, ज्ञानपुर सिसोना निवासी राहत अली पुत्र इरशाद के साथ उनकी बहन का करीब ढाई साल पहले रिश्ता हुआ था। परिवार का दावा है कि रिश्ता दोनों पक्षों की रजामंदी से तय हुआ था और लेनदेन भी हुआ था। आरोप है कि शादी के दिन अचानक स्कॉर्पियो जैसी चार पहिया गाड़ी की मांग की गई। इसके बाद न दूल्हा पहुंचा और न ही उसकी तरफ से कोई बारात आई।

परिवार को पहले बारात आने का भरोसा दिलाया जाता रहा, लेकिन ग्राम परियावली में शाम पांच बजे तक बारात नहीं पहुंची। फहीम ने बताया कि शादी में करीब 2500 से 3000 मेहमानों के खाने का इंतजाम किया गया था। परिवार के अनुसार, 1500 से 2000 मेहमान खाना भी खा चुके थे। लड़की के पिता खेती और मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते हैं।

ऐसे में शादी के लिए लाखों रुपये खर्च करना परिवार पर भारी पड़ा है। वहीं, लड़की की मां का कहना है कि वह अपनी बेटी का निकाह उसी युवक के साथ चाहती हैं, जिससे ढाई साल से रिश्ता चल रहा था। परिवार ने बताया कि उन्होंने लड़के पक्ष के लोगों और गांव के जिम्मेदार व्यक्तियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला।

फिलहाल लड़की पक्ष का कहना है कि उनकी पहली मांग बेटी का निकाह उसी युवक से कराना है। ऐसा नहीं होने पर परिवार पुलिस प्रशासन से शिकायत करने की बात कह रहा है। अब सवाल यह है कि शादी के दिन बारात आखिर क्यों नहीं पहुंची? लड़की पक्ष ने दहेज में गाड़ी मांगने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में लड़के पक्ष का जवाब और पुलिस की आधिकारिक पुष्टि सामने आना बाकी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow