Hardoi: सांडी में निपुण भारत मिशन के तहत शिक्षकों का FLN प्रशिक्षण, बुनियादी भाषा-गणित दक्षताओं पर जोर
निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विकास खंड सांडी के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एफएलएन
सांडी, हरदोई। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत विकास खंड सांडी के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरेसी) आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को विकसित करने के लिए शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण रणनीतियों से परिचित कराना है। प्रशिक्षण में शिक्षकों को भाषा एवं गणित शिक्षण की गतिविधि आधारित विधियों, शिक्षण योजना, शिक्षक संदर्शिका एवं कार्यपुस्तिका के प्रभावी प्रयोग, टीएलएम, आकलन तथा उपचारात्मक शिक्षण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी जा रही है। साथ ही कक्षा-कक्ष में बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने और सीखने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को नई NCERT पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने तथा बच्चों के सीखने के स्तर का नियमित आकलन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राज्य स्तर पर भी शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए FLN एवं NCERT आधारित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण को निपुण भारत मिशन की प्रभावी क्रियान्विति से जोड़ा गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह ने कहा कि FLN प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्राप्त करना नहीं, बल्कि सीखी गई शिक्षण विधियों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करना है। शिक्षक बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के लिए गतिविधि आधारित और बाल-केंद्रित शिक्षण को प्राथमिकता दें। इससे निपुण भारत के लक्ष्यों को प्राप्त करने में निश्चित रूप से सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न गतिविधियों एवं शैक्षणिक सत्रों में सहभागिता की। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को कक्षा-कक्ष की चुनौतियों के समाधान तथा बच्चों के सीखने के स्तर में अपेक्षित सुधार के लिए व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जा रही है। प्रशिक्षण में एआरपी आदर्श अवस्थी, प्रभाकर मिश्र, मो.इरफान, शेरपाल,राम बरन, शिक्षक दुर्गेश तिवारी, सुरेंद्र वर्मा, अमन श्रीवास्तव, मंगल भवन, सलमान, मनोज राजा, मो.सारिक,प्रशांत शुक्ल, महेंद्र कुमार, दिव्या अवस्थी, रत्ना त्रिपाठी, बबली देवी, राखी श्रीवास्तव, शुभा वर्मा सहित सौ शिक्षक प्रशिक्षण में उपस्थित रहे
What's Your Reaction?







