Hardoi News: संडीला में वित्तीय समावेशन अभियान, लाभार्थियों को मिले KCC और बीमा दावे

समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ

By INA News Desk
Nov 6, 2026 - 15:21
6 Views
Hardoi News: संडीला में वित्तीय समावेशन अभियान, लाभार्थियों को मिले KCC और बीमा दावे
Advertisement
Advertisement

हरदोई। समाज के अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सेवाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी वित्तीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बैंक ऑफ इंडिया की ओर से संडीला में वित्तीय समावेशन संतृप्तिकरण अभियान के तहत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्तीय साक्षरता, डिजिटल बैंकिंग, साइबर सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एलडीएम और क्रिसिल टीम की ओर से अतिथियों को पौधे भेंट कर तथा अभियान के उद्घाटन के साथ हुआ। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया हरदोई अंचल के आंचलिक प्रबंधक किरण डी. पाठक ने प्रारंभिक वक्तव्य देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने की बैंक की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में भारतीय रिजर्व बैंक की उप महाप्रबंधक अनुराधा साहू ने डिजिटल वित्तीय लेनदेन के सुरक्षित तरीकों, बैंकिंग उत्पादों और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य अतिथि भारतीय रिजर्व बैंक लखनऊ के क्षेत्रीय निदेशक पंकज कुमार ने वित्तीय साक्षरता और प्रत्येक नागरिक तक निर्बाध बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संतृप्तिकरण अभियान का उद्देश्य केवल बैंक खाते खोलना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा और ऋण योजनाओं से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। संडीला ब्लॉक की खंड विकास अधिकारी गौरी राठौर ने स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण परिवारों को अभियान से जोड़ने में ब्लॉक प्रशासन की भूमिका और सहयोगात्मक प्रयासों को रेखांकित किया। इसके बाद क्रिसिल फाउंडेशन के वरिष्ठ प्रतिनिधि ने क्रिसिल प्रोजेक्ट की विस्तृत प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में अतिथियों ने पात्र लाभार्थियों को किसान क्रेडिट कार्ड और बीमा दावों का वितरण किया। अग्रणी जिला प्रबंधक अरविन्द रंजन ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के लाभार्थियों की जानकारी देते हुए दोनों योजनाओं के लाभ और विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। अंत में अग्रणी जिला प्रबंधक ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय बैंकर्स, ग्राम प्रधान, बैंक मित्र, स्थानीय नागरिकों और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

Also Read- Akhilesh Yadav On Swami Prasad Maurya - हमारे गठबंधन में नहीं हैं स्वामी प्रसाद, सपा अध्यक्ष ने मीडिया से कहा- 'उन्हें इग्नोर करें'

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement