Sant Kabir Nagar : ब्रजेश पाठक ने संत कबीर नगर में सरदार पटेल एकता यात्रा का नेतृत्व किया, कहा- मोदी सरकार राष्ट्र प्रथम की भावना से कर रही काम
एकता यात्रा का मकसद सरदार पटेल की जयंती पर एक भारत, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना था। जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद के मैदान में हुई जनस
संत कबीर नगर के खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) द्वारा आयोजित सरदार पटेल@150—एकता यात्रा निकाली गई। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस यात्रा का नेतृत्व किया। यात्रा का आगमन जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद से हुआ और मेहदावल बायपास तक उत्साह के साथ चली। रास्ते भर लोगों ने फूलमालाओं और जयकारों से स्वागत किया, जिससे क्षेत्र में देशभक्ति और एकता का माहौल बन गया।
एकता यात्रा का मकसद सरदार पटेल की जयंती पर एक भारत, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करना था। जूनियर हाई स्कूल खलीलाबाद के मैदान में हुई जनसभा को संबोधित करते हुए ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे प्रदेश में रन फॉर यूनिटी का आयोजन सरदार पटेल के जीवन संदेश को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का साधन है। उन्होंने बताया कि 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर साल 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी होता है। स्वतंत्रता के समय जब अंग्रेज भारत को कमजोर करना चाहते थे, तब सरदार पटेल ने अपनी दूरदृष्टि से 560 से अधिक रियासतों को एकजुट कर मजबूत भारत बनाया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और सरदार पटेल के एक भारत, स्वतंत्र भारत के सपनों को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार लगातार काम कर रही है। कश्मीर से धारा 370 हटाना इसी संकल्प का नतीजा है। मोदी सरकार राष्ट्र प्रथम की सोच पर चलते हुए जनकल्याण योजनाओं को बिना भेदभाव के हर नागरिक तक पहुंचा रही है। 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी से बाहर निकालना इसी वादे का सबूत है।
उन्होंने कहा कि आज समाज डर मुक्त है, संगठित अपराध खत्म हो चुके हैं और महिलाएं बेझिझक आगे बढ़ रही हैं। सरकार हर गरीब को पक्का घर, स्वच्छ पानी, बिजली, राशन जैसी सुविधाएं देने के लक्ष्य की ओर बढ़ रही है। कार्यक्रम की सफलता पर लोगों, आयोजकों और विधायक अंकुर राज तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि संत कबीर की धरती से राष्ट्र प्रथम का संदेश पूरे प्रदेश में फैले।
प्रदेश उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य संतोष सिंह ने कहा कि सरदार पटेल सिर्फ लौह पुरुष ही नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक ताकत और प्रशासनिक क्षमता के प्रतीक थे। युवा पीढ़ी को उनके त्याग और राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरणा लेकर समाज के विकास में हिस्सा लेना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याण योजनाएं तभी सफल होंगी जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझे और राष्ट्र हित को ऊपर रखे। एकता यात्रा को जनजागरण का बड़ा अभियान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से जुड़ने की अपील की।
स्थानीय विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि यह यात्रा सरदार पटेल के आदर्शों को हर व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम है। राष्ट्रीय एकता तब मजबूत होती है जब समाज एकजुट होकर राष्ट्र हित में काम करे। यह यात्रा युवाओं में एकता, जागरूकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जोश का प्रतीक है।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री भाजपा और रन फॉर यूनिटी के प्रभारी संजय राय, विधान परिषद सदस्य सुभाष यादवंश, विधायक मेहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिला अध्यक्ष भाजपा नीतू सिंह, जिला प्रभारी भाजपा अजय सिंह गौतम, पूर्व सांसद इंद्रजीत मिश्र, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ल, पूर्व जिला अध्यक्ष श्यामकरन सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष राम ललित चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव, पूर्व जिला अध्यक्ष सेतवान राय, उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्र, विधान परिषद प्रतिनिधि सुधांशु सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता उदय राज तिवारी, जिला मंत्री भाजपा हैप्पी राय, यात्रा संयोजक गौरव निषाद, अत्रेश श्रीवास्तव, अरुण गुप्ता, ब्रह्मानंद पांडेय, कुलदीप मणि मिश्रा, सतविंदर पाल सिंह, विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड्स और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?