हरदोई। जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य वर्ग, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना की विस्तृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटाबेस तैयार करने एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक संचालित की जाएगी। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक 23 जुलाई से 9 अगस्त तक सत्यापन करेंगे, जबकि 11 से 25 अगस्त तक डाटा का नवीनीकरण किया जाएगा।
विद्यालयों द्वारा छात्रों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति अंकित करने का कार्य 11 से 30 अगस्त तक होगा। व्यक्तिगत छात्रों का सत्यापन 31 अगस्त से 10 सितंबर तक तथा एनआईसी द्वारा स्क्रूटनी 11 से 17 सितंबर तक की जाएगी। इसके बाद 18 से 22 सितंबर तक जनपदीय समिति डाटा लॉक करेगी।
नवीन छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वहीं 13 अगस्त से 15 अक्टूबर तक छात्र फाइनल प्रिंट निकालेंगे तथा विद्यालय स्तर पर पुनः बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण एवं सत्यापन होगा।
इसके बाद 16 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जिला विद्यालय निरीक्षक अंतिम सत्यापन करेंगे। 6 से 15 नवंबर तक एनआईसी द्वारा स्क्रूटनी तथा 16 से 20 नवंबर तक संदेहास्पद डाटा का प्रदर्शन किया जाएगा। 21 नवंबर से 14 दिसंबर तक अभिलेखीय साक्ष्यों का मिलान एवं सत्यापन तथा 15 से 21 दिसंबर तक पुनः स्क्रूटनी होगी।
जनपदीय समिति द्वारा 16 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक शुद्ध एवं सत्यापित डाटा लॉक किया जाएगा। इसके बाद 16 से 24 जनवरी 2027 तक मांग सृजन तथा 25 से 31 जनवरी 2027 के बीच पात्र छात्रों के बैंक खातों में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्यों, संबंधित अधिकारियों एवं पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करते हुए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समय से पूरी करने की अपील की है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ बिना किसी विलंब के मिल सके।
Also Read- Hardoi: जनसुनवाई में डीएम अनुनय झा ने सुनीं 93 शिकायतें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश