सीतापुर ITI में दिव्यांगजन रोजगार अभियान: मौके पर ही मिलेगा रोजगार और सरकारी योजनाओं का लाभ
सीतापुर के राजकीय ITI में दिव्यांगजन रोजगार अभियान का आयोजन। स्वरोजगार और नौकरी के साथ मौके पर ही मिलेगा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर: उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) सीतापुर में "दिव्यांगजन रोजगार अभियान-3.0" का विशेष आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिले के दिव्यांग युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर स्वावलंबी बनाना है।
अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, लीड बैंक मैनेजर और राजकीय ITI के प्रधानाचार्य समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को एक ही छत के नीचे सेवाएं उपलब्ध कराने और प्राथमिकता के आधार पर आवेदन स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
रोजगार मेले में निरक्षर से लेकर आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, ITI पास और कौशल विकास मिशन के तहत प्रशिक्षित दिव्यांग अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और बायोडाटा लाना अनिवार्य होगा। शिविर स्थल पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे अभ्यर्थियों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
शिविर के दौरान मौके पर ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), ग्रामोद्योग और खाद्य प्रसंस्करण जैसी स्वरोजगार योजनाओं के लिए आवेदन पत्र भरवाए जाएंगे। प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ इस शिविर में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा
What's Your Reaction?




