सीतापुर में नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान: युवाओं ने लिया नशा मुक्ति का संकल्प, सुना प्रधानमंत्री का संदेश
सीतापुर में माय भारत संगठन के तहत नशा मुक्त युवा-विकसित भारत अभियान आयोजित हुआ। युवाओं ने प्रधानमंत्री का संवाद सुना और नशा मुक्ति की शपथ ली।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
सीतापुर: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में 'मेरा युवा भारत' (माय भारत) संगठन द्वारा संचालित 'नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान' के तहत जिले भर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन को सुना और समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।
जिला स्तर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम आर.एम.पी. पीजी कॉलेज में संपन्न हुआ, जहां 200 से अधिक स्वयंसेवकों के साथ-साथ डी.पी. वर्मा डिग्री कॉलेज, सीतापुर शिक्षण संस्थान, हिंदू कन्या महाविद्यालय और राजकीय महिला महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) से जुड़े युवाओं ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संवाद को सुनकर एक स्वस्थ और जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लिया।
इसी कड़ी में मिश्रिख ब्लॉक के नैमिषारण्य स्थित श्री अखंड आचार्य स्वामी अचिन्त्यानंद इंटर कॉलेज में माय भारत स्वयंसेवक अभय शुक्ला और सुदामा दीक्षित के मार्गदर्शन में कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां 50 से अधिक युवाओं को लाइव प्रसारण के जरिए प्रधानमंत्री के संबोधन से जोड़ा गया।
इस देशव्यापी अभियान का मुख्य ध्येय युवा पीढ़ी को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति सतर्क करना, अनुशासित जीवनशैली के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। जिला युवा अधिकारी प्रतिमा वर्मा ने जिले के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और आम नागरिकों से इस अभियान से जुड़कर समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देने की अपील की है।
Also Click : Lucknow: यूपी में अवैध खनन पर योगी सरकार का डिजिटल प्रहार, 24x7 निगरानी से माफियाओं पर कसा शिकंजा
What's Your Reaction?




