Sitapur : लहरपुर पुलिस ने लूटकांड का किया पर्दाफाश, तीन शातिर बदमाशों को मोटरसाइकिल और अवैध असलहे के साथ दबोचा
मामले की जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शारदा सहायक नहर पटरी के किनारे स्थित मछली मंडी के पास से घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
Report : संदीप चौरसिया INA NEWS सीतापुर
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत लहरपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कुछ दिनों पहले हुई लूट की एक वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक कोतवाली लहरपुर क्षेत्र के अंतर्गत अकबरपुर नहर पुलिया के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने एक राहगीर को रोककर उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी से भरा पर्स लूट लिया था। इस वारदात को लेकर पीड़ित की शिकायत पर लहरपुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शारदा सहायक नहर पटरी के किनारे स्थित मछली मंडी के पास से घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कोतवाली नगर क्षेत्र के शेखसराय पटिया निवासी मोहम्मद आदिल, इस्लाम बाग निवासी शाहिद और कजियारा पक्का बाग निवासी जुबैर के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें से एक लूट की वारदात में इस्तेमाल की गई थी और दूसरी पीड़ित से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक है। इसके अलावा बदमाशों के पास से एक हजार रुपये नकद, एक 12 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने पहचान छिपाने के लिए लूटी गई मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी और लूटा गया मोबाइल फोन भी रास्ते में ही कहीं गिरा दिया था। उन्होंने पीड़ित से कुल पंद्रह सौ रुपये नकद छीनने की बात भी मानी। पुलिस ने बरामद माल और अवैध हथियार के आधार पर दर्ज मुकदमे में संबंधित कानूनी धाराएं बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी शाहिद और जुबैर के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस पूरी कामयाबी को प्रभारी निरीक्षक अरविंद सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक नसीमुद्दीन और उनकी पुलिस टीम ने अंजाम दिया है।
Also Click : Sambhal : सम्भल में जमानत पर छूटे युवक की बेरहमी से पिटाई के बाद मौत, परिजनों ने लगाया अपहरण और हत्या का आरोप
What's Your Reaction?




