Lucknow: 'मन की बात' में गूंजी बिजनौर की महिलाओं की सफलता, 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' को मिला राष्ट्रीय सम्मान

उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की

By INA News Desk
Jul 27, 2026 - 17:48
68 Views
Lucknow: 'मन की बात' में गूंजी बिजनौर की महिलाओं की सफलता, 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' को मिला राष्ट्रीय सम्मान
  • महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता का सशक्त मॉडल बनी 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी: केशव प्रसाद मौर्य
  • प्रधानमंत्री मोदी ने सराहा बिजनौर की महिला शक्ति का नवाचार, स्वयं सहायता समूहों की बढ़ी प्रतिष्ठा
  • 'मन की बात' में बिजनौर की 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' का उल्लेख, ग्रामीण महिला शक्ति को मिला राष्ट्रीय सम्मान
  • बिजनौर का 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी' मॉडल बना महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की सशक्त पहचान

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' में बिजनौर जिले की महिलाओं द्वारा तैयार 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' का उल्लेख किया जाना उत्तर प्रदेश की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लाखों महिलाओं के लिए गौरव, सम्मान और नई प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 'वोकल फॉर लोकल', 'आत्मनिर्भर भारत' और महिला सशक्तिकरण का संकल्प निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है तथा यह उपलब्धि उसी परिवर्तनकारी सोच का सशक्त उदाहरण है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर के विकास खंड कोतवाली के ग्राम लखीवाला की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी' स्थानीय संसाधनों, नवाचार और महिला उद्यमिता का उत्कृष्ट मॉडल बनकर उभरी है। लेमनग्रास, गिलोय, मुलेठी, तुलसी, कच्ची हल्दी, दालचीनी, इलायची और सौंफ जैसी प्राकृतिक सामग्री से तैयार यह हर्बल टी लगभग रू 1 लाख की छोटी शुरुआत से आज देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक अपनी पहचान बना चुकी है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अपनी संभावनाएं मजबूत कर रही है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सभी माताओं-बहनों एवं पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 'मन की बात' में इस पहल का उल्लेख उत्तर प्रदेश की ग्रामीण महिलाओं के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा देगा तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के अभियान को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं की मेहनत, गुणवत्ता, समर्पण और नवाचार ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण भारत की महिलाएं आज रोजगार सृजन के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा दे रही हैं।
उप मुख्यमंत्री के नेतृत्व एवं निर्देशन में दिसंबर 2023 में जिला प्रशासन, बिजनौर द्वारा स्थापित 'विदुर प्रेरणा स्वदेशी' आज एक सफल सामुदायिक ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुका है। वर्तमान में इस ब्रांड के अंतर्गत 160 से अधिक उत्पादों का उत्पादन एवं विपणन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। ब्रांड का कारोबार रू 12 करोड़ से अधिक पहुंच चुका है तथा इसके उत्पाद 100 से अधिक विदुर प्रेरणा स्वदेशी आउटलेट्स और 64 से अधिक विदुर प्रेरणा कैफे के माध्यम से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। हर्बल टी का विपणन मुरादाबाद सहित अन्य जनपदों में भी सफलतापूर्वक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह ब्रांड ग्रामीण महिलाओं को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों के प्रभावी विपणन का मजबूत माध्यम बना है। इसी का परिणाम है कि बिजनौर जनपद में 30 हजार से अधिक लखपति दीदियों के निर्माण में इस पहल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसकी पूर्णतः डिजिटल सप्लाई चेन एवं विपणन व्यवस्था के माध्यम से वेब पोर्टल और मोबाइल एप के जरिए ऑर्डर प्रबंधन, उत्पाद ट्रेसबिलिटी, इन्वेंट्री तथा वितरण प्रणाली का सफल संचालन किया जा रहा है।
राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक श्री अरुण कुमार ने बताया कि विदुर  प्रेरणा स्वदेशी हर्बल टी का प्रदर्शन प्रयागराज महाकुंभ, नई दिल्ली स्थित सुंदर नर्सरी में आयोजित अंतरराष्ट्रीय फूड फेस्टिवल सहित अनेक राष्ट्रीय आयोजनों में किया जा चुका है, जहां अमेरिका, यूरोप सहित विभिन्न देशों से आए आगंतुकों एवं संभावित खरीदारों ने इसमें विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने बताया कि संबंधित स्वयं सहायता समूह द्वारा नीति आयोग को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों की सफलतापूर्वक आपूर्ति भी की जा चुकी है, जो इस ब्रांड की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रमाण है।

Also Click : Agra News: आक्रमणकारी के नाम पर नहीं, बल्कि भारत के राष्ट्रनायकों के नाम पर म्यूजियम बनेगाः मुख्यमंत्री

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Advertisement
Advertisement